राहगीरों के लिए लग रहे वाटर कूलर
जासं, मीरजापुर: नगर पालिका क्षेत्र में राहगीरों के लिए नगर पालिका परिषद की ओर से वाटर कूलर लगाया जा
जासं, मीरजापुर: नगर पालिका क्षेत्र में राहगीरों के लिए नगर पालिका परिषद की ओर से वाटर कूलर लगाया जा रहा है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों से आने-जाने वाले लोगों को विशेषकर महिलाओं व बच्चों को इस भीषण गर्मी में पेयजल के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। हर वार्ड में कम से कम दो वाटर कूलर का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए उन स्थानों का चयन किया गया है जहां पर अधिकतम भीड़-भाड़ होती है।
नगर पालिका परिषद की ओर से अभियान चलाकर वाटर कूलर लगाया जा रहा है। अधिकतर जगहों पर वाटर कूलर लगाया जा चुका है। अब इसका लोकार्पण किया जा रहा है। शनिवार को 16 वार्डों में 21 कूलर व रविवार को 12 वार्डों में 15 वाटर कूलरों का लोकार्पण नपाध्यक्ष मनोज जायसवाल ने किया। उन्होंने बताया कि इन वाटर कूलरों को नागरिकों की सुविधा के लिए ही लगाया जा रहा है। इसकी सुरक्षा करना भी उनका दायित्व है क्योंकि ये उनके आस- पास ही लगे हैं और इसमें उनका धन भी लगा हुआ है। पालिका के कर्मचारी समय- समय पर इनकी देखभाल करते रहेंगे। अब तक 28 वार्ड में 36 कूलर का लोकार्पण हो चुका है। सभी 38 वार्ड में 50 वाटर कूलर लगाए जाएंगे।