मीरजापुर में कड़ी सुरक्षा में शिक्षक-स्नातक एमएलसी चुनाव आरंभ, स्नातक 25,701 और शिक्षक एमएलसी के लिए 2,905 मतदाता
मीरजापुर में वाराणसी खंड स्नातक व शिक्षक एमएलसी चुनाव के लिए मतदान सुबह 8 बजे से शुरू हो गया है, ...और पढ़ें

मीरजापुर में स्नातक और शिक्षक एमएलसी चुनाव के लिए मतदान शुरू, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम।
HighLights
मीरजापुर में स्नातक व शिक्षक एमएलसी चुनाव के लिए मतदान आरंभ।
32 मतदान केंद्रों पर 44 मतदेय स्थलों पर वोटिंग जारी।
25,701 स्नातक और 2,905 शिक्षक मतदाता करेंगे मतदान।
जागरण संवाददाता, मीरजापुर। विधान परिषद वाराणसी खंड स्नातक व शिक्षक निर्वाचन के लिए सुबह आठ बजे से मतदान आरंभ हो गया, जो शाम चार बजे तक होगा। जनपद में 32 मतदान केंद्र और उनके 44 मतदेय स्थल बनाए गए हैं। स्नातक एमएलसी के लिए 25,701 और शिक्षक एमएलसी पद के लिए 2,905 मतदाता हैं। जनपद में कुल 32 मतदान केंद्र और 44 मतदेय स्थल बनाए गए हैं।
इनमें स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के 30 और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के 14 मतदेय स्थल शामिल हैं। स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के केंद्रों पर केवल पात्र स्नातक मतदाता और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के केंद्रों पर केवल पात्र शिक्षक मतदाता मतदान करेंगे। जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार व पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक आदि ने निरीक्षण किया।
मतदाता दस में से कोई एक पहचान पत्र दिखा करें मतदान
मतदाताओं के लिए निर्वाचन आयोग की ओर से पहचान पत्र के दस विकल्प जारी किए गए हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी के अनुसार मतदाता, आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड, भारतीय पासपोर्ट, दिव्यांगजनों का यूडीआईडी, विश्वविद्यालय द्वारा जारी डिग्री व डिप्लोमा मूल प्रमाण पत्र, शैक्षिक संस्थाओं द्वारा जारी सेवा पहचान पत्र, सांसद, विधायक, पार्षद को जारी पहचान पत्र व राज्य या केंद्र सरकार, सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों, स्थानीय निकाय द्वारा जारी पहचान पत्र दिखाकर मतदान कर सकते हैं।
इन बूथों पर स्नातक एमएलसी का हो रहा मतदान
वाराणसी खंड स्नातक के लिए जनपद में तहसील सदर कार्यालय महुवरिया कक्ष एक, दो व तीन, नगर पालिका परिषद घंटाघर कक्ष एक व दो, क्षेत्र पंचायत कार्यालय सिटी कक्ष एक व दो, कार्यालय कोन चील्ह कक्ष एक, सीखड़ कक्ष एक, विजयपुर छानबे कक्ष एक व दो, लालगंज कक्ष एक, पड़री पहाड़ी कक्ष एक व दो, पटेहरा कला कक्ष एक, नरायनपुर चुनार कक्ष एक से चार, जमालपुर कक्ष एक व दो, हलिया कक्ष एक तथा प्राथमिक विद्यालय नदना हलिया कक्ष एक, प्राथमिक विद्यालय वैधा हलिया कक्ष एक में मतदान होगा। वहीं क्षेत्र पंचायत कार्यालय राजगढ़ कक्ष एक व दो, मझवां कक्ष एक व दो, नगर पालिका परिषद कार्यालय अहरौरा कक्ष एक व नगर पंचायत कछवा कक्ष एक में मतदान होगा।
जिले के 14 बूथों पर वाराणसी खंड शिक्षक का हो रहा मतदान
वाराणसी खंड शिक्षक के लिए जनपद में तहसील सदर कार्यालय महुवरिया कक्ष चार, नगर पालिका परिषद घंटाघर कक्ष तीन साथ ही क्षेत्र पंचायत कार्यालय कोन चील्ह कक्ष दो, सीखड़ कक्ष दो, विजयपुर छानबे कक्ष तीन, लालगंज कक्ष दो, पड़री पहाड़ी कक्ष तीन, पटेहरा कला कक्ष दो, नरायनपुर चुनार कक्ष पांच, जमालपुर कक्ष तीन, हलिया कक्ष दो, राजगढ़ कक्ष तीन, मझवां कक्ष तीन व नगर पालिका परिषद अहरौरा कक्ष दो में मतदाता मतदान करेंगे।
पारदर्शी तरीके से कराएं मतदान : जिलाधिकारी
उत्तर प्रदेश विधान परिषद वाराणसी खंड के स्नातक/शिक्षण निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 को सकुशल संपन्न करानेके मद्देनजर जिला निर्वाचन अधिकारी पवन कुमार गंगवार ने निरीक्षण किया। नगर क्षेत्र के घंटाघर के बूथ संख्या 99, 224 व 225 पर भ्रमण कर निरीक्षण किया। मौके पर उपस्थित पीठासीन अधिकारियों एवं माइक्रो आब्जर्वर को शांतिपूर्ण व पारदर्शी ढंग से चुनाव संपन्न करने के दिए निर्देश।
