शासन-प्रशासन का प्रमुख अंग है राजस्व विभाग
विधि संवाददाता मीरजापुर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से शुक्रवार को सदर तहसील पि
विधि संवाददाता, मीरजापुर : जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से शुक्रवार को सदर तहसील परिसर पर विधिक जागरूकता व प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ सचिव अमित कुमार यादव द्वितीय व तहसीलदार न्यायिक सुनिल कुमार ने किया।
सचिव ने बताया कि वरासत, आबादी भूमि, किसान क्षतिपूर्ति मुआवजा, दैवीय आपदा, नागरिक आपदा मुआवजा के लिए लेखपाल की आख्या में छोटी से त्रुटि के कारण कई विवाद उत्पन्न हो जाते हैं और मुकदमें बाजी में कई वर्ष व्यतीत हो जाता है। उस त्रुटि को दूर करने के लिए संवेदनशीलता दिखाने की आवश्यकता है। इससे विवाद को कम किया जा सकता है। बताया कि क्षेत्रीय लेखपाल छोटे से छोटे विवादों को मध्यस्थता करके समाप्त कर सकते हैं। कानूनी सहायता व मुकदमा लड़ने के लिए सरकारी अधिवक्ता के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण दीवानी न्यायालय के कार्यालय पर प्रार्थना-पत्र प्रस्तुत किया जा सकता है। तहसीलदार न्यायिक सुनिल कुमार ने बताया कि राजस्व विभाग शासन-प्रशासन का प्रमुख अंग है। राजस्व विवाद को सरल बनाने के लिए उप्र राजस्व संहिता छह के अनुसार कार्य संपादित किया जा रहा है। इस दौरान सुरेश त्रिपाठी, सुरेंद्र कुमार दुबे, विनोद कुमार मिश्रा ने लीगल एड स्कीम व कोआर्डिनेशन विषय पर विस्तार से जानकारी दी। मौके पर दीपक श्रीवास्तव, जेपी सरोज, ध्रुव तिवारी आदि रहे।