सत्यापन के फेर में धीमी गति से हो रही खरीद, 7370 एमटी धान खरीद
किसानों की उपज के सत्यापन के फेर में जिले में धान खरीद काफी धीमी गति से हो रही है। सत्यापन में संबंधित लेखपाल द्वारा विलंब करने से धान खरीद प्रभावित हो रही है। जनपद में अब तक 765 किसानों से 7370.9
जागरण संवाददाता, मीरजापुर : किसानों की उपज के सत्यापन के फेर में जिले में धान खरीद काफी धीमी गति से हो रही है। सत्यापन में संबंधित लेखपाल द्वारा विलंब करने से धान खरीद प्रभावित हो रही है। जनपद में अब तक 765 किसानों से 7370.98 एमटी धान क्रय एजेंसियों द्वारा खरीद की जा चुकी है, हालांकि पिछली धान खरीद में अब तक 5951 एमटी धान खरीद हुई थी। शासन द्वारा जनपद में 105 क्रय केंद्रों पर दो लाख 60 हजार का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। जिसमें से महज 74 क्रय केंद्रों पर ही 7370 एमटी अर्थात लक्ष्य का 2.83 प्रतिशत धान खरीद हो सकी है। वहीं सोमवार को मौसम के बदले रूख ने क्रय केंद्र के बाहर खड़े किसानों की बेचैनी को बढ़ा दी है।
जनपद में एक नवंबर से शुरु हुई धान खरीद आगामी 29 फरवरी 2020 तक चलेगी। खाद्य विभाग द्वारा 12 क्रय केंद्रों पर 2589 एमटी, पंजीकृत उप साधन सहकारी समिति के 18 में से 9 केंद्रों पर 461 एमटी, एफपीसी के 13 में से 7 क्रय केंद्रों पर 14.62 एमटी खरीद हुई है। वहीं पीसीएफ के 35 में से 27 क्रय केंद्रों पर 1928.14 एमटी, यूपी एग्रो के तीन में से 2 क्रय केंद्रों पर 252 एमटी, पीसीयू के सात में से 4 क्रय केंद्रों पर 31.50, नैफेड के 12 में से 8 क्रय केंद्र पर 1785.92 एमटी और कर्मचारी कल्याण निगम के चार क्रय केंद्र पर 266.50 तथा भारतीय खाद्य निगम के एक क्रय केंद्र पर 40.88 एमटी धान खरीद हुई है। किसानों की जांच में विलंब के चलते क्रय केंद्रों पर किसानों की संख्या काफी कम ही आ रही है।
--------
किसानों की उपज का सत्यापन एसडीएम द्वारा कराया जा रहा है। एसडीएम की रिपोर्ट मिलने के बाद ही धान खरीद होगी। किसान खाद्य विभाग के पोर्टल पर एफसीएस, यूपी, जीओवी इन पर घर बैठे मोबाइल, लैपटाप अथवा सहज सेवा केंद्र से आनलाइन पंजीयन करा सकते हैं। किसानों को आधार कार्ड, वोटर कार्ड, पासपोर्ट फोटो, बैंक पासबुक, खतौनी का विवरण दर्ज कराना होगा। खरीद के 72 घंटे के बाद किसानों के खाते में सीधे भुगतान होगा।
- अजीत कुमार त्रिपाठी, जिला खाद्य विपणन अधिकारी।