भटवारी दिघिया में नहीं हो रही धान की खरीद
साधन सहकारी समिति भटवारी दिघिया को किसानों की धान खरीद करने के लिए क्रय केंद्र बनाया गया है लेकिन एक सप्ताह से समिति पर किसानों की खरीद नहीं की जा रही है।
जागरण संवाददाता, ड्रमंडगंज (मीरजापुर) : साधन सहकारी समिति भटवारी दिघिया को किसानों की धान खरीद करने के लिए क्रय केंद्र बनाया गया है लेकिन एक सप्ताह से समिति पर किसानों की खरीद नहीं की जा रही है। जिससे किसानों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है और दूसरी खेती के लिए किसान अपनी धान को औने पौने दाम में व्यापारियों को बेचने को विवश है। किसानों का आरोप है कि समिति के सचिव व कर्मचारियों के मनमाने रवैया से धान की खरीद नहीं हो रही हैं।
किसानों ने आरोप लगाया कि हलिया क्षेत्र के आसपास के किसानों की धान खरीद करने के लिए समिति को केंद्र तो जरूर बना दिया गया लेकिन खरीद नहीं हो पा रही है, जिससे किसानों को धान को बेचने के लिए आठ दस किलोमीटर दूर मवईकला विपणन केंद्र पर धान बेचने के लिए जाना पड़ रहा है। किसानों की सुविधाओं को देखते हुए शासन द्वारा हलिया में भी धान क्रय केंद्र बनाया गया है लेकिन सचिव द्वारा किसानों से कमीशन लेकर धान की खरीद की जाती है। जिन किसानों द्वारा कमीशन नहीं दिया जाता है तो उनको यह कहकर लौटा दिया जाता है कि गोदाम खरीद से भर गया है जिससे खरीद अभी नहीं हो सकती। कर्मचारी रमाकांत ने बताया कि एक सप्ताह से धान की खरीद से गोदाम भर गया है जिससे खरीद हफ्तों से प्रभावित हो रही है। इस संबंध में एडीओ सहकारिता लक्ष्मीराम चंचल ने बताया कि साधन सहकारी समिति भटवारी दिघिया में गोदाम में जगह नहीं होने से खरीद नही हो पा रही है। धान का उठान होने के बाद ही खरीद शुरू की जाएगी।