एक दिवसीय बैंक हड़ताल काम काज पर पड़ा असर
जागरण संवाददाता मीरजापुर केंद्र सरकार की कर्मचारी विरोधी नीतियों के खिलाफ केंद्रीय सं
जागरण संवाददाता, मीरजापुर : केंद्र सरकार की कर्मचारी विरोधी नीतियों के खिलाफ केंद्रीय संघ के आह्वान पर एक दिवसीय हड़ताल का असर जनपद में भी पड़ा। यूपी बैंक इंप्लाइज यूनियन सहित केंद्रीय संघ की ओर से प्रस्तावित हड़ताल का असर जनपद में भी देखने को मिला और संस्थानों पर ताले लटके मिले। हालांकि आम लोगों पर इसका कोई विशेष प्रभाव नहीं पड़ा और सामान्य कामकाज जारी रहा।
यूपी बैंक इंप्लाइज यूनियन की ओर से किए गए हड़ताल का असर शहर से लेकर गांव तक देखा गया। यूनियन के जिला मंत्री सुरेश पांडेय ने बताया कि इस हड़ताल से करीब ढाई करोड़ के चेक की क्लीयरिग बाधित हुई। हड़ताल में सरकारी बैंक के अलावा निजी क्षेत्र के बैंक भी शामिल रहे। कर्मचारियों ने डंकीनगंज में गिरिजा शंकर सिंह की अध्यक्षता में हड़ताल व प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद सभी बैंकों का मुआयना किया गया। जिला मंत्री सुरेश पांडेय ने बताया कि केंद्र सरकार की सारी नीतियां कर्मचारी विरोधी, श्रमिक विरोधी, गरीब विरोधी, युवा व बेरोजगार विरोधी हैं। सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों का विलय व बंदी सहित केंद्र सरकार की नीतियां जनविरोधी रही हैं। इस दौरान आशीष मिश्रा, प्रभु नारायण, विनय सिंह, बृजेश सिंह, राजेंदर, धनंजय राय, बीबी लाल श्रीवास्तव, संजीव पांडेय, मोतीलाल आदि मौजूद रहे। इसके अलावा वाराणसी डिविजन इंश्योरेंस इंप्लाइज एसोसिएशन की ओर भारतीय जीवन बीमा निगम के अधिकारी व कर्मचारी हड़ताल में शामिल रहे। इनमें विक्रम सिंह, खुर्शीद अख्तर खान, पंकज कुमार, सुमित कुमार, रोहित सिंह, विनीता गुप्ता, भानु प्रताप सिंह आदि मौजूद रहे।
डाक कर्मचारियों ने भी किया विरोध
केंद्रीय संघ के आह्वान पर अखिल भारतीय डाक कर्मचारी संघ के तृतीय श्रेणी, पोस्टमैन, एमटीएस व जीडीएस संघ के लोगों ने एक दिवसीय हड़ताल में हिस्सा लिया। हड़ताली कर्मचारियों ने जनसभा करके सरकार की नीतियों का विरोध किया। इस दौरान अशोक कुमार त्रिपाठी, सर्वेश कुमार पांडेय, दिवाकर प्रसाद शुक्ला, राजेश कश्यप, जगदीश दूबे आदि लोग मौजूद रहे।