विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मीरजापुर में दुष्कर्म पीड़िता का नवजात अस्पताल से गायब, मां लोक-लाज वश छोड़ आई र‍िश्‍तेदार के घर, पुल‍िस ने क‍िया बरामद

By Arun kumar pandeyEdited By: Abhishek sharma
Published: Thu, 29 Oct 2026 01:13 PM (IST)

मीरजापुर के राजगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से दुष्कर्म पीड़िता का नवजात शिशु गायब हो गया। पुलिस जांच में सामने आया ...और पढ़ें

मीरजापुर: दुष्कर्म पीड़िता का नवजात अस्पताल से गायब, मां ने लोकलाज के डर से रिश्तेदार को सौंपा।

मीरजापुर: दुष्कर्म पीड़िता का नवजात अस्पताल से गायब, मां ने लोकलाज के डर से रिश्तेदार को सौंपा।

HighLights

  1. दुष्कर्म पीड़िता ने राजगढ़ सीएचसी में बच्चे को जन्म दिया।

  2. नवजात अस्पताल से गायब, मां ने रिश्तेदार को सौंपा।

  3. पुलिस ने बच्चे को बरामद कर अस्पताल वापस पहुंचाया।

जागरण संवाददाता, राजगढ़ (मीरजापुर)। राजगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मंगलवार देर रात दुष्कर्म पीड़िता ने एक स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया। प्रसव के करीब दो घंटे बाद नवजात के गायब होने की जानकारी मिलते ही अस्पताल में अफरातफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की। पूछताछ के दौरान पीड़िता की मां ने बच्चे को एक रिश्तेदार के घर देने की बात स्वीकार की। इसके बाद नवजात को वापस अस्पताल लाया गया।

जानकारी के अनुसार, राजगढ़ थाना क्षेत्र के एक गांव की मानसिक रूप से अस्वस्थ युवती के साथ एक युवक पर बहला-फुसलाकर दुष्कर्म करने का आरोप है। मामले में पीड़िता पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपित युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। युवती गर्भवती थी। मंगलवार देर रात प्रसव पीड़ा होने पर स्वजन उसे राजगढ़ सीएचसी लेकर पहुंचे, जहां उसने एक स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया।

आरोप है कि प्रसव के करीब दो घंटे बाद पीड़िता की मां नवजात को अस्पताल से ले जाकर लोकलाज वश अपने एक रिश्तेदार के यहां छोड़ आई। जब अस्पताल के बेड पर बच्चा नहीं मिला तो अफरा-तफरी मच गई। सीएचसी प्रशासन ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस और अस्पताल प्रशासन ने पूछताछ की, जिसके बाद पीड़िता की मां ने बच्चे को रिश्तेदार के घर छोड़ने की बात बताई। पुलिस की कार्रवाई के बाद नवजात को वापस अस्पताल लाया गया।

इस संबंध में सीएचसी प्रभारी डॉ. संतलाल ने बताया कि युवती का प्रसव अस्पताल में कराया गया था। बाद में नवजात के गायब होने की जानकारी मिली। पूछताछ में पता चला कि पीड़िता की मां बच्चे को अपने रिश्तेदार के यहां छोड़ आई थी। बाद में बच्चे को वापस लाया गया। वहीं, राजगढ़ थाना प्रभारी बालमुकुंद मिश्रा ने बताया कि राजगढ़ सीएचसी से नवजात शिशु के गायब होने की सूचना मिली थी। शिशु को उसके रिश्तेदार के घर बरामद किया गया।