विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मीरजापुर में शादी में बाधा बनने पर प्रेमी ने प्रेमिका की हत्या कर कुंए में फेंका शव, पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

Published: Sun, 25 Oct 2026 10:21 PM (IST)

लालगंज (मीरजापुर) में एक 19 वर्षीय युवती की हत्या के आरोप में पुलिस ने अरुण कुमार को गिरफ्तार किया है। ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर।

प्रतीकात्मक तस्वीर।

HighLights

  1. लालगंज में 19 वर्षीय युवती की हत्या का खुलासा।

  2. प्रेमी अरुण कुमार ने शादी तय होने पर हत्या की।

  3. युवती को कुएं में धकेला, सिर में चोट और डूबने से मौत।

जागरण संवाददाता, लालगंज (मीरजापुर)। थाना क्षेत्र के एक गांव की 19 वर्षीय युवती की हत्या के मामले में पुलिस ने जयकर कला गांव के अरुण कुमार को गिरफ्तार किया है। उसे रविवार को चर्की बगरिहा चौराहे से पकड़ा गया। उसके पास से मोबाइल समेत अन्य सामान बरामद हुए हैं। क्षेत्राधिकारी लालगंज अमर बहादुर ने रविवार को लालगंज थाने में घटना राजफाश करते हुए बताया कि शनिवार को जयकर कला गांव के एक कुएं से युवती का शव बरामद हुआ था।

मृतका के पिता ने एक युवक पर बेटी की हत्या कर शव कुएं में फेंकने की आशंका जताई थी। तहरीर के आधार पर एसओजी प्रभारी राजीव सिंह, सर्विलांस टीम और लालगंज थानेदार वेद प्रकाश पांडेय की तीन टीमों ने जांच शुरू की। फोन विवरण खंगालने पर पुलिस का संदेह अरुण कुमार पर गया और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपित ने बताया कि युवती से उसका दो वर्ष से प्रेम प्रसंग था और दोनों कई बार मिल चुके थे। इसी बीच अरुण की शादी तय हो गई थी और वह लड़की देखने जाने वाला था। उसने 20 अक्टूबर की भोर में युवती को गांव के बाहर मिलने के लिए बुलाया। युवती के पहुंचने पर उसने पहले उसके साथ शारीरिक संबंध बनाया और फिर अपनी शादी तय होने की बात बताई।

पुलिस के मुताबिक, युवती ने शादी करने से मना किया और अरुण के लड़की देखने जाने पर उनके रिश्ते की बात सबको बताने की बात कही। इस पर गुस्से में आकर अरुण ने उसे पत्थर पर धक्का दे दिया, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई।

इसके बाद वह उसे पास के गहरे कुएं में फेंक आया। कुएं में लगे नुकीले पत्थरों से युवती को चोट लगी और पानी में डूबने से उसकी मौत हो गई।पुलिस ने आरोपित के खिलाफ हत्या और साक्ष्य मिटाने से संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया।

यह भी पढ़ें- प्रयागराज से विंध्याचल-चित्रकूट तक मेट्रो विस्तार की सिफारिश, मल्टी मॉडल ट्रांसपोर्ट प्रणाली की कवायद शुरू