विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बच्चों को स्मार्ट क्लास में शिक्षा देने में मीरजापुर प्रथम, स्टूडेंट खुद रुचि लेकर कर रहे पढ़ाई

Published: Fri, 18 Sep 2026 03:34 PM (IST)

मीरजापुर के परिषदीय विद्यालय स्मार्ट क्लास के माध्यम से बच्चों को शिक्षा प्रदान कर रहे हैं, जिससे जिले ने प्रदेशभर में प्रथम स्थान प्राप्त किया है।

इस फोटो को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

इस फोटो को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

HighLights

  1. मीरजापुर स्मार्ट क्लास संचालन में उत्तर प्रदेश में प्रथम स्थान पर।

  2. बच्चे स्वयं रुचि लेकर स्केचिंग, गणितीय प्रश्न हल कर रहे।

  3. जिले के 426 विद्यालयों में स्मार्ट क्लास संचालित, उपस्थिति बढ़ी।

जागरण संवाददाता, मीरजापुर। विंध्य क्षेत्र के परिषदीय विद्यालयों के स्वरूप बदल रहे हैं। बच्चों को स्मार्ट क्लास के माध्यम से शिक्षा प्रदान की जा रही है। मेहनत का ही परिणाम है कि मीरजापुर प्रदेशभर के परिषदीय विद्यालयों में स्मार्ट क्लास संचालन में प्रथम आया है।

बच्चे रुचि लेकर स्वयं स्केच, गणितीय प्रश्नों का हल, रिक्त स्थान भरना, स्पेलिंग करेक्शन आदि कार्य स्वयं करते हैं। इससे कठिन विषय बच्चों को अत्यंत व रुचिकर लगता है। इसके चलते बच्चों की उपस्थिति पहले की तुलना में काफी बढ़ी है।

राज्य परियाेजना कार्यालय द्वारा उपलब्ध सभी 426 परिषदीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय व कंपोजिट विद्यालयों में स्मार्ट क्लास संचालित हो रहा है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनिल कुमार वर्मा ने बताया कि विषय व पाठ्यक्रम को रुचिकर बनाने के लिए राज्य परियोजना द्वारा ऑडियो विजुअल पाठ्य सामग्री उपलब्ध कराया गया है।

स्मार्ट क्लास के माध्यम से बच्चों को शिक्षित किया जा रहा है। इसके माध्यम से त्रिआयामी माडल, स्केच, शैक्षणिक यूट्यूब चैनल व आडियो व्याख्या का प्रयोग कर पढ़ाया जा रहा है। वहीं 63 विद्यालयों में आईसीटी लैब व नौ विद्यालयों में डिजिटल लाइब्रेरी भी बनाई गई है। प्रतिदिन मॉनिटरिंग से बच्चों के शिक्षण पर अनुकूल प्रभाव पड़ रहा है।

जनपद स्तर पर गठित मॉनिटरिंग सेल द्वारा प्रतिदिन स्मार्ट कक्षा का अनिवार्य रूप से दो से तीन घंटे संचालन कराया जाता है। इसके चलते जनपद प्रदेश भर में प्रथम रहा है। -अनिल कुमार वर्मा, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी।

जिला विद्यालय सक्रिय डिवाइस (%)
मीरजापुर 504 95.88
मऊ 248 95.07
चंदौली 330 91.46
महराजगंज 408 87.45
सोनभद्र 393 84.82
जौनपुर 550 82.58
अंबेडकरनगर 317 79.22
आजमगढ़ 596 75.58
बलिया 363 74.27
संत कबीरनगर 228 74.01
गोरखपुर 426 73.77