मीरजापुर-पूर्वांचल सहित कई जिलों में बनेगा बाईपास और सड़कें होंगी चौड़ी, निर्माण के लिए 50 करोड़ रुपये जारी
मीरजापुर, चंदौली और प्रदेश के अन्य जिलों में 50 करोड़ रुपये की लागत से बाईपास रोड और सड़क चौड़ीकरण का कार्य किया जाएगा।

मीरजापुर व पूर्वांचल सहित विभिन्न जनपदों में बाईपास व चौड़ीकरण का होगा कार्य।
HighLights
50 करोड़ की लागत से बाईपास रोड व सड़क चौड़ीकरण।
मीरजापुर, चंदौली, बांदा, प्रयागराज में होंगे ये महत्वपूर्ण कार्य।
जाम से मुक्ति मिलेगी, बेहतर सड़क संपर्क उपलब्ध होगा।
जागरण संवाददाता, मीरजापुर। जनपद के अलावा चंदौली और प्रदेश के अन्य जिलों में राहगीरों को जाम से मुक्ति दिलाने के लिए 50 करोड़ की लागत से बाईपास रोड का निर्माण व सड़क चौड़ीकरण का कार्य किया जाएगा।
इसके लिए शासन से मंजूरी प्राप्त हो चुकी है और अब सड़क निर्माण की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इन सड़कों के निर्माण से न केवल जाम से राहत मिलेगी, बल्कि बेहतर सड़क पर यात्रा करने की सुविधा भी उपलब्ध होगी।
प्रदेश के कई जिलों में जाम की समस्या लगातार बढ़ रही है, जिसकी शिकायत शासन को मिल रही थी। इस समस्या के समाधान के लिए मीरजापुर, चंदौली, प्रयागराज और अन्य जनपदों में बाईपास रोड बनाने का निर्णय लिया गया है। इन परियोजनाओं के पूरा होने से जनसंख्या वाले क्षेत्रों में यातायात का दबाव कम होगा, आवागमन सुगम होगा और विभिन्न क्षेत्रों के बीच सड़क संपर्क में सुधार होगा।
इन स्थानों पर होगा बाईपास राेड व सड़क चौड़ी
मीरजापुर में एक करोड़ 35 लाख 11 हजार रुपये की लागत से वीरपुर से छीतपुर के अंडरपास तक 4.5 किलोमीटर बाईपास रोड बनाई जाएगी। चंदौली में छह करोड़ 13 लाख 65 हजार रुपये की लागत से कलेक्ट्रेट परिसर मार्ग तक चार किलोमीटर लंबी सड़क का चौड़ीकरण किया जाएगा।
इसके अलावा, चंदौली में 321.48 लाख रुपये की लागत से 0.350 किलोमीटर लंबे चंदई ग्राम में डीआरएस इंडस्ट्रीयल पार्क के संपर्क मार्ग का नवनिर्माण किया जाएगा। जनपद बांदा में 3949.34 लाख रुपये की लागत से कबरई-वाराणसी एनएच-35 के किमी-50 से महुआ अर्जुनाह होते हुए स्योता ग्राम तक 10.745 किलोमीटर मार्ग का चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण किया जाएगा।
प्रयागराज में 404.23 लाख रुपये की लागत से 0.700 किलोमीटर लंबे गरेथा-मोनाई संपर्क मार्ग का चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण किया जाएगा। इसके अलावा, अन्य बाईपास रोड और सड़क चौड़ीकरण के कार्य भी प्रस्तावित हैं।
मीरजापुर सहित पूर्वांचल और प्रदेश के अन्य जनपदों में सड़क चौड़ीकरण और बाईपास निर्माण की योजनाएं आगे बढ़ाई जाएंगी। -अजय चौहान, प्रमुख सचिव, लोक निर्माण विभाग।
