विवाहिता की मौत, पति व देवर पर मुकदमा दर्ज
राजगढ़ पुलिस चौकी क्षेत्र के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में रविवार की भोर में उपचार के दौरान विवाहिता की मौत हो गई। मायका पक्ष के लोगों ने विवाहिता को जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाते हुए पुलिस को सूचित किया।
जागरण संवाददाता, मीरजापुर : राजगढ़ पुलिस चौकी क्षेत्र के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में रविवार की भोर में उपचार के दौरान विवाहिता की मौत हो गई। मायका पक्ष के लोगों ने विवाहिता को जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाते हुए पुलिस को सूचित किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका के पिता ने पति व देवर पर हत्या करने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है। मुकदमा दर्ज करने के बाद पुलिस आरोपितों की तलाश में दबिश दे रही है।
राजगढ़ चौकी क्षेत्र के दरवान गांव निवासी रामअवध सिंह की पुत्री सुमन कुमारी (30) की शादी सात वर्ष पूर्व सोनभद्र जिले के रावर्टसगंज कोतवाली थाना क्षेत्र के मधुपुर कुशीडौर गांव निवासी मनोज सिंह के साथ हुई थी। मृतका के पिता ने तहरीर के माध्यम से आरोप लगाते हुए बताया कि शादी में यथासंभव दान-दहेज दिया गया था। शादी के कुछ दिन बाद से ससुरालवाले दहेज के लिए पुत्री को प्रताड़ित करने लगे थे। बताया कि ससुराल वाले बार-बार दहेज के लिए बेटी पर दबाव बना रहे थे। मांग पूरी नहीं होने पर जहर देकर हत्या कर दी गई। सुमन के भाई सचिन सिंह ने बताया कि यह घटना शुक्रवार रात दस बजे की है। सुमन को राबर्ट्सगंज हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया था। ससुराल वालों ने वहां उसे छोड़कर भाग गए। मायके वालों को जब पता चला तो सुमन को शनिवार को वाराणसी में भर्ती करवाया गया। वहां के डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए जवाब दे दिया। इसके बाद राजगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले आए। जहां रविवार भोर में सुमन की मौत हो गई। मृतका को एक चार वर्षीय मासूम बेटा आलोक भी है। वहीं चार वर्षीय बेटे ने भी मां को जहर देकर मारे जाने की बात कही है।