भूमि विवाद में जमकर चले लाठी-डंडे
स्थानीय थाना क्षेत्र के महंगीपुर गांव में भूमि विवाद को लेकर दो पट्टीदारों में शुक्रवार की सुबह आठ बजे के लगभग जमकर लाठी-डंडे चले। इस घटना में दोनों तरफ से चार महिला समेत आठ लोग घायल हो गए। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने बीच-बचाव कर दोनों पक्ष के घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाकर उपचार कराया।
जागरण संवाददाता, चील्ह (मीरजापुर) : थाना क्षेत्र के महंगीपुर गांव में भूमि विवाद को लेकर दो पटीदारों में शुक्रवार की सुबह आठ बजे के लगभग जमकर लाठी-डंडे चले। इस घटना में दोनों तरफ से चार महिला समेत आठ लोग घायल हो गए। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने बीच-बचाव कर दोनों पक्ष के घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाकर उपचार कराया। वही दोनों पक्ष के चार-चार लोगों के खिलाफ थाने में एनसीआर दर्ज कराया गया है।
महंगीपुर गांव निवासी नंदलाल व बसंतलाल यादव सगे भाई है। दोनों के बीच भूमि विवाद काफी वर्ष से चला आ रहा है। इस दौरान कई बार विवाद हो चुका है। शुक्रवार की सुबह भी दोनों भाई इसी बात को लेकर आमने-सामने हो गए और कहासुनी करने लगे। बात बढ़ता देख दोनों परिवार लाठी-डंडा लेकर निकल आए और आपस में एक दूसरे पर वार करना शुरू कर दिया। इस दौरान आसपास के लोग बीच-बचाव करने के लिए पहुंचे लेकिन मामला शांत होने के बजाए बढ़ता देख गांव के लोगों ने पुलिस को फोन कर दिया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस घायलों को वाहन से पीएचसी ले गई। इस घटना में एक पक्ष से नंदलाल के अलावा उनकी पुत्री नीतू, अनीता देवी, उमाशंकर वही दूसरे पक्ष से बसंतलाल के अलावा इनकी पत्नी इसराजी देवी, पुत्री इंद्रा देवी, राजेश घायल हो गए।