विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मीरजापुर में जरगो डैम खुलने से उफनाई जरगो नदी, चुनार के तटवर्ती इलाकों में पहुंचा पानी

By Anand Swaroop Chaturvedi Edited By: Abhishek sharma
Published: Thu, 27 Aug 2026 11:21 AM (IST)

चुनार क्षेत्र में अच्छी बारिश के बाद जरगो डैम के गेट खुलने से जरगो नदी उफना गई है, जिससे तटवर्ती ...और पढ़ें

मीरजापुर में जरगो डैम खुलने से उफनाई जरगो नदी, चुनार के तटवर्ती इलाकों में बढ़ा जलस्तर।

मीरजापुर में जरगो डैम खुलने से उफनाई जरगो नदी, चुनार के तटवर्ती इलाकों में बढ़ा जलस्तर।

HighLights

  1. चुनार में अच्छी बारिश से जरगो डैम के गेट खोले गए।

  2. जरगो नदी उफनाने से तटवर्ती इलाकों में पानी भर गया।

  3. निचले मोहल्लों में जलभराव, बाढ़ जैसे हालात की चिंता।

जागरण संवाददाता, मीरजापुर। चुनार क्षेत्र में हुई अच्छी बारिश के बाद जरगो जलाशय में पानी की आवक बढ़ गई। जिसके बाद डैम के चार गेट खोलकर पानी जरगो नदी में छोड़ा जाने के कारण नदी उफना गई है । इससे चुनार के तटवर्ती इलाकों में इसका असर दिखाई देने लगा है। सरैया सिकंदरपुर स्थित जरगो पुल के ऊपर से पानी बह रहा है। बुधवार की शाम पुल के ऊपर से तेज बहाव के बीच बाइक सवार आवागमन करते नजर आए।

चुनार टेकौर स्थित बूढ़ेनाथ मंदिर के पास से आश्चर्य कूप जाने वाले मार्ग पर भी जरगो नदी का पानी भर गया है। जिसके कारण इस रास्ते पर आवागमन पूर्णतः बंद हो गया है। भरपुर, कजिया, रैपुरिया, सरैयां के नदी से लगायत के खेतों में पानी पहुंचने से फसल डूबने की स्थिति बन गई है। वहीं, नागरपुर, भरपुर और लाल दरवाजा मुहल्ले के निचले हिस्सों में भी पानी ने दस्तक दे दी है। इससे लोगों की चिंता बढ़ गई है।

वर्तमान स्थिति के अनुसार जरगो नदी का पानी लगातार बढ़ता रहा तो चुनार नगर के निचले इलाकों में स्थिति और गंभीर हो सकती है। तटवर्ती लोगों की नजर नदी के जलस्तर पर टिकी हुई है। खासकर भरपुर, लाल दरवाजा और नागरपुर क्षेत्र में पानी बढ़ने की स्थिति में घरों और रास्तों पर असर पड़ने की आशंका है। फिलहाल पानी रिहायशी क्षेत्रों के निचले हिस्सों तक पहुंचा है, लेकिन जलस्तर बढ़ने की रफ्तार बनी रही तो बाढ़ जैसे हालात बन सकते हैं।

गंगा का जलस्तर कम होने से फिलहाल राहत
हालांकि, इस समय गंगा का जलस्तर कम होने के कारण स्थिति कुछ हद तक नियंत्रण में है। जरगो नदी का पानी गंगा में निकल रहा है, जिससे नगर में जलभराव तेजी से बढ़ने से फिलहाल राहत मिली हुई है। लेकिन यदि बारिश जारी रही और जरगो जलाशय में पानी की आवक इसी तरह बढ़ती रही तो नदी का जलस्तर और बढ़ सकता है।