Good News : किसान क्रेडिट कार्डधारकों का अब 50 हजार रुपये से बढ़ाकर तीन लाख रुपये तक हुआ बीमा
किसान क्रेडिट कार्ड धारकों के लिए अच्छी खबर है, अब उनका बीमा 50 हजार रुपये से बढ़ाकर तीन लाख रुपये ...और पढ़ें

किसान क्रेडिट कार्ड धारकों का बीमा अब तीन लाख रुपये तक, जानें पूरी जानकारी।
HighLights
किसान क्रेडिट कार्ड धारकों का बीमा तीन लाख तक बढ़ा।
मात्र 56 रुपये प्रीमियम पर मिलेगा तीन लाख का बीमा।
दुर्घटना में मृत्यु या विकलांगता पर मिलेगा पूरा लाभ।
जागरण संवाददाता, मीरजापुर। किसान क्रेडिट कार्डधारकों का अब 50 हजार रुपये से बढ़ाकर तीन लाख रुपये तक का बीमा होगा। इसके लिए किसानों को महज 56 रुपये प्रीमियम जमा करना होगा। बीमित किसान की दुर्घटना में मृत्यु होने अथवा स्थायी या 100 प्रतिशत विकलांग होने पर 100 प्रतिशत बीमा धनराशि मिलेगी। वहीं अस्थायी एवं आंशिक 50 प्रतिशत विकलांगता पर 50 प्रतिशत भुगतान होगा।
जनता दुर्घटना बीमा योजना के तहत पहले बीमित धनराशि 50 हजार थी, जो वर्तमान परिवेश में काफी कम थी। इस पर किसानों को वार्षिक प्रीमियम नौ रुपये 40 पैसे देना होता था। आपदा की स्थिति में किसानों के साथ उनके स्वजनों के हित को सुरक्षित रखने के लिए सरकार ने नया कदम उठाया है। इसके बाद बीमा की धनराशि तीन लाख रुपये तक कर दिया है।
एआर कोआपरेटिव अमित पांडेय ने बताया कि जनता दुर्घटना बीमा योजना के तहत बीमा की धनराशि 50 हजार के गुणांकों में अधिकतम तीन लाख रुपये तक बढ़ाया है। बीमित धनराशि 50 हजार पर 9.40 रुपये, एक लाख पर 18.80 रुपये, डेढ़ लाख पर 28.10 रुपये, दो लाख पर 37.40 रुपये, ढाई लाख पर 46.75 रुपये और तीन लाख पर 56 रुपये वार्षिक प्रीमियम जमा होगा। इफको टोकियो जनरल इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड को किसानों का बीमा करने की जिम्मेदारी मिली है।
सहकारी समितियों के केसीसी ऋणी सदस्यों का बीमा कराया जाएगा। आगामी वर्ष 2026-27 में जनता दुर्घटना बीमा एक वर्ष के लिए एक नवंबर से 30 अक्टूबर तक के लिए किया जाता है। इसके लिए सचिव बी पैक्स, शाखा प्रबंधक जिला सहकारी बैंक, एडीओ सहकारिता व अपर जिला सहकारी अधिकारियों को निर्देश जारी किया गया है।
अमित कुमार पांडेय, सहायक आयुक्त व सहायक निबंधक सहकारिता।
