मीरजापुर में अज्ञात वाहन ने बाइक सवारों को कुचला, मां-बेटे और पोते की मौत
मीरजापुर के नारायणपुर में बुधवार सुबह एक अज्ञात वाहन ने बाइक सवार तीन लोगों को कुचल दिया। इस भीषण हादसे ...और पढ़ें

मीरजापुर में भीषण सड़क हादसा, अज्ञात वाहन ने मां-बेटे-पोते को कुचला।
HighLights
नारायणपुर आलू मिल के पास हुआ भीषण सड़क हादसा।
अज्ञात वाहन ने बाइक सवार तीन लोगों को कुचला।
हादसे में मां, बेटे और पोते की दर्दनाक मौत।
जागरण संवाददाता, मीरजापुर। नरायनपुर तिराहा से पुलिस चौकी तक बदहाल और पटरी विहीन सड़क पर बुधवार सुबह बाइक फिसलने के बाद अज्ञात भारी वाहन की चपेट में आने से मां, बेटे और पोते की मौत हो गई। हादसा सुबह करीब सवा दस बजे आलुमिल नरायनपुर के सामने हुआ। घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
नरायनपुर चौकी प्रभारी आशीष सिंह के अनुसार, पट्टी कलां, थाना अहरौरा निवासी मनोज चौहान (25) पुत्र रमेश चंद्र चौहान अपनी मां मुन्नी (45) पत्नी रमेश चंद्र चौहान और भतीजे श्रेयांस (3) पुत्र विकास चौहान के साथ बाइक से घर लौट रहा था। तीनों रामनगर, वाराणसी स्थित अपनी बुआ के घर से आ रहे थे। आलुमिल के सामने सड़क की पटरी से बाइक फिसली और वे सड़क पर गिर पड़े। इसी दौरान पीछे से आ रहे अज्ञात भारी वाहन ने उन्हें कुचल दिया।
मनोज तीन भाइयों में सबसे छोटा था और टाइल्स मिस्त्री का काम करता था। उसकी शादी नहीं हुई थी। वह अपने भाई विकास चौहान की अपाचे बाइक लेकर गया था।
हादसे की सूचना पर नरायनपुर पुलिस मौके पर पहुंची। मनोज के भाई की बाइक के आधार पर पट्टी कलां के ग्राम प्रधान को फोन कर ग्रामीणों को घटनास्थल पर बुलाया गया। पिता रमेश चंद्र चौहान की तहरीर पर पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद तीनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए।
घटना के बाद क्षेत्रीय लोगों में आक्रोश है। नरायनपुर तिराहा से पुलिस चौकी तक करीब एक किलोमीटर सड़क की हालत पिछले एक वर्ष से दयनीय बनी हुई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर अक्सर दुर्घटनाएं होती हैं। बार-बार शिकायत के बावजूद अधिकारी केवल गिट्टी डलवाकर अपनी जिम्मेदारी पूरी मान लेते हैं। लोगों ने हादसे का प्रमुख कारण खराब सड़क और पटरी का अभाव बताया है। उनके अनुसार, सड़क की खराब पटरी के कारण बाइक अनियंत्रित होकर फिसली।
