मीरजापुर में प्रेम विवाह के बाद पति फंदे पर लटका, गर्भवती पत्नी रहस्यमय हालात में गायब
मीरजापुर के कछवां में कांशीराम आवास में 24 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। प्रेम विवाह के बाद ...और पढ़ें

मीरजापुर में युवक ने की आत्महत्या, गर्भवती पत्नी लापता; प्रेम विवाह के बाद विवाद।
HighLights
मीरजापुर में 24 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या की।
प्रेम विवाह के बाद पत्नी से विवाद के बाद यह घटना हुई।
मृतक की पांच माह की गर्भवती पत्नी रहस्यमय ढंग से गायब है।
जागरण संवाददाता मझवा (मीरजापुर)। कछवां थाना क्षेत्र के आदर्श नगर पंचायत के वार्ड पांडेयपुर स्थित कांशीराम आवास में एक 24 वर्षीय युवक ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, कांशीराम आवास के ब्लॉक नंबर छह, कमरा नंबर 71 निवासी वारिस (24) पुत्र सिकंदर, सैलून के साथ तंदूरी रोटी बनाने का काम करता था। बुधवार की रात करीब 11:30 बजे उसने अपने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया और गमछे के सहारे पंखे के हुक से लटककर आत्महत्या कर ली।
परिजनों के अनुसार, बुधवार की रात करीब 10:30 बजे पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। विवाद के बाद पत्नी कछवां थाने पहुंच गई। उसके 10 मिनट बाद वारिस भी थाने पहुंचा, जहां पुलिस ने दोनों को समझा-बुझाकर घर वापस भेज दिया।
गुरुवार की सुबह जब कमरे का दरवाजा देर तक नहीं खुला, तो पिता सिकंदर ने दरवाजा खटखटाया। अंदर से कोई प्रतिक्रिया न मिलने पर पिता ने दरवाजा तोड़ा, तो अंदर बेटे को फंदे से लटका देख उनके होश उड़ गए। शोर सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर जमा हो गए और युवक को फंदे से नीचे उतारा गया, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं।
इस घटना की सूचना मिलते ही कछवां कस्बा चौकी प्रभारी धनंजय सिंह पुलिस टीम और फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का परीक्षण किया। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक वारिस एक मेहनती युवक था, जिसने एक वर्ष पूर्व प्रेम विवाह किया था। उसकी पत्नी के पेट में 5 महीने का शिशु भी पल रहा है। वहीं, परिजनों का कहना है कि घटना के बाद से मृतक की पत्नी गायब है। पत्नी के रहस्यमय तरीके से गायब होने और युवक द्वारा उठाए गए इस कदम को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं व्याप्त हैं।कछवा पुलिस का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट व जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
