विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

चुनार में प्रभु श्रीराम के तीर से चूर हुआ दशानन का अहंकार, धू-धू कर जला लंकेश का 40 फीट का पुतला

By Gurupreet Singh Edited By: Abhishek sharma
Published: Wed, 21 Oct 2026 12:02 PM (IST)

चुनार में विजयादशमी का पर्व उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया, जहाँ 40 फीट ऊँचे रावण के पुतले का ...और पढ़ें

चुनार में विजयादशमी पर रावण दहन, प्रभु श्रीराम के तीर से चूर हुआ दशानन का अहंकार।

चुनार में विजयादशमी पर रावण दहन, प्रभु श्रीराम के तीर से चूर हुआ दशानन का अहंकार।

HighLights

  1. चुनार में विजयादशमी पर्व उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया।

  2. प्रभु श्रीराम के तीर से 40 फीट रावण पुतला जला।

  3. शमी वृक्ष के दर्शन-पूजन कर सुख-समृद्धि की कामना की गई।

जागरण संवाददाता, चुनार (मीरजापुर)। बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक पर्व विजयादशमी चुनार में उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। मंगलवार की देर रात आचाराजी मोहल्ला स्थित लंका मैदान में श्री राघवेंद्र रामलीला नाट्य समिति के तत्वावधान में आयोजित दशहरा मेले में जैसे ही प्रभु श्रीराम का तीर रावण को लगा, 40 फीट ऊंचा पुतला धू-धू कर जल उठा।

पुतले से उठती आग की लपटों और पटाखों की गूंज के बीच पूरा मैदान जय श्रीराम के उद्घोष से गुंजायमान हो उठा। इस दृश्य को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग जुटे। रावण दहन से पूर्व राम-रावण के बीच हुए भीषण युद्ध ने दर्शकों को रोमांचित किया।

rawan1

रावण की भूमिका में गोविंद जायसवाल ने प्रभावशाली संवाद अदायगी से दर्शकों की खूब वाहवाही बटोरी, वहीं श्रीराम बने समर्थ वैद्य ने अपने अभिनय से लोगों का मन मोह लिया। रावण के अंत के साथ ही मैदान में मौजूद लोगों ने जय श्रीराम के जयघोष के साथ अधर्म पर धर्म की विजय का उत्सव मनाया।

मेले में पहुंचे श्रद्धालुओं ने मंच पर विराजमान श्रीराम और लंका की वाटिका में बैठी मां सीता के दर्शन-पूजन किए। खानपान की दुकानों पर लोगों की भीड़ रही। बच्चों ने गुब्बारे, धनुष-बाण और खिलौने खरीदे। आयोजन में समिति के अध्यक्ष लक्ष्मीकांत पांडेय, रमाशंकर पांडेय, संजय साहू, ब्रजनंदन कुशवाहा, सुनील पेंटर, डा. विनोद शर्मा, महेंद्र साहू, सभासद करतार सिंह, किशन मोदनवाल, शशिकांत मिश्र, सुनील कुमार गुप्ता सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

rawan2

शमी वृक्ष का दर्शन-पूजन करने पहुंचे श्रद्धालु
विजयादशमी पर शमी वृक्ष के दर्शन और पूजन की परंपरा के तहत चुनार के टेकौर मोहल्ले में शिवालाघाट के पास कानडे़ परिवार के परिसर में स्थित प्राचीन शमी वृक्ष के दर्शन के लिए श्रद्धालु पहुंचे। लोगों ने विधि-विधान से पूजन कर सुख-समृद्धि की कामना की।