मीरजापुर के सक्तेशगढ़ में दिन दहाड़े बदमाशों ने कार सवार को बंधक बनाकर रेता गला, मौके से हुए फरार
मीरजापुर के सक्तेशगढ़ में बदमाशों ने दिनदहाड़े एक कार सवार युवक को बंधक बनाकर उसका गला रेत दिया, जिससे वह ...और पढ़ें

मीरजापुर में दिनदहाड़े कार सवार का गला रेता, सोनभद्र निवासी युवक गंभीर।
HighLights
सक्तेशगढ़ में दिनदहाड़े कार सवार का गला रेता।
सोनभद्र निवासी हिमांशु तिवारी गंभीर हालत में भर्ती।
पुलिस पुरानी रंजिश या लूट के एंगल से जांच में जुटी।
जागरण संवाददाता, मीरजापुर। चुनार कोतवाली के सक्तेशगढ़ क्षेत्र शहीद बाबा के पास पहाड़ी में बुधवार को दिनदहाड़े बदमाशों ने सोनभद्र निवासी कार सवार को बंधक बनाकर उसका गला रेतकर फरार हो गए। चरवाहे ने घटना को देखा तो इसकी जानकारी पुलिस को दी। मौके पहुंची पुलिस ने युवक का सीएचसी राजगढ़ में भर्ती कराया। जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
बताया गया कि सुबह लगभग 11 बजे कुछ लोग एक युवक को कार में हाथ-पैर और गला गमछे से बांधकर लाए। सुनसान जगह पाकर आरोपियों ने चाकू से उस पर हमला कर दिया। उसका गला रेतने के बाद सभी बदमाश पहाड़ी रास्ते से भाग निकले। उसी समय वहां से गुजर रहे एक चरवाहे की नजर खून से लतपत युवक पर पड़ी तो उसने शोर मचाया।
देखते ही देखते ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। किसी ने डायल 112 पर सूचना दी। सूचना मिलते ही सक्तेशगढ़ चौकी के दारोगा प्रवीण कुमार राय पहुंचे और तत्काल 112 की गाड़ी से घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजगढ़ भिजवाया। घायल युवक के पास मिले पर्स व आधार कार्ड के अनुसार उसकी पहचान सोनभद्र जनपद के घोरावल क्षेत्र स्थित पिड़रिया गांव के रहने वाले कृष्ण तिवारी के 30 वर्षीय पुत्र हिमांशु कुमार तिवारी के रूप में हुई है।
चुनार कोतवाली के प्रभारी इंस्पेक्टर विजय शंकर सिंह ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि एक युवक को चाकू मारकर कुछ लोग फेंककर भाग गए है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है। आस-पास के सीसीटीवी और मुखबिरों से जानकारी जुटाई जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। घटना में घायल का नाम प्रियांशु उर्फ अंशु बताया गया है ।
फिलहाल पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर फोरेंसिक टीम को बुलाया है। हमले के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस प्रथम दृष्टया पुरानी रंजिश और लूट के एंगल को मानकर जांच कर रही है। ग्रामीणों ने दिनदहाड़े हुई इस वारदात पर रोष जताते हुए पुलिस से जल्द कार्रवाई की मांग की है।
