भाई के हाथ बंधे थे तो फंदा लगाकर कैसे जान दे दी? पुलिस के आत्महत्या बताने पर एसपी कार्यालय पहुंचकर लगाई न्याय की गुहार
मीरजापुर के देवरिया थाना क्षेत्र में एक युवक की मौत को लेकर परिवार ने हत्या का आरोप लगाया है। भाई ...और पढ़ें
HighLights
युवक का शव महुआ के पेड़ से लटका मिला, हाथ बंधे थे।
परिवार ने हत्या का आरोप लगाया, पुलिस आत्महत्या मान रही।
पीड़ित भाई ने एसपी से निष्पक्ष जांच की मांग की।
जागरण संवाददाता, मीरजापुर। देवरिया थाना क्षेत्र में एक युवक की मौत को लेकर गंभीर आरोप सामने आए हैं। मृतक के भाई सत्यम विश्वकर्मा ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर प्रार्थना पत्र देते हुए आरोप लगाया कि उसके भाई की हत्या करने के बाद शव को गांव के महुआ के पेड़ पर लटका दिया गया। वहीं, पीड़ित का कहना है कि पुलिस मामले को आत्महत्या बताकर कार्रवाई से बच रही है। परिवार ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
पीड़ित के अनुसार घटना 7 सितंबर 2026 की सुबह करीब 8:15 बजे की है। सत्यम ने बताया कि गांव के ही चंदन पटेल ने घर पहुंचकर सूचना दी कि उसके भाई को किसी ने मारकर महुआ के पेड़ पर टांग दिया है। सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंचा तो उसका भाई पेड़ से लटका हुआ मिला। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार के लोग सदमें में चले गए।
सत्यम का आरोप है कि घटना से एक दिन पहले 6 सितंबर को एक लड़की ने फोन कर गाली-गलौज करते हुए धमकी दी थी। पीड़ित के मुताबिक फोन पर धमकी दी गई कि तुम लोगों को तड़पाऊंगा, बर्बाद करके छोड़ूंगा। इस धमकी के बाद परिवार को अनहोनी की आशंका थी। पीड़ित ने घटना में पांच लोगों पर संदेह जताते हुए जांच की मांग की है।
पीड़ित का कहना है कि उसने देवरिया थाने के साथ ही पुलिस अधीक्षक कार्यालय में भी प्रार्थना पत्र दिया, लेकिन अब तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। उसका आरोप है कि पुलिस मामले को प्रथम दृष्टया आत्महत्या मानकर आगे बढ़ रही है, जबकि परिवार हत्या की आशंका जता रहा है।
पीड़ित ने एसपी से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए, संदिग्ध लोगों से पूछताछ हो और यदि हत्या के साक्ष्य मिलते हैं तो आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कठोर कार्रवाई की जाए। अब परिवार की निगाह पुलिस की जांच पर टिकी है कि पेड़ पर लटकी मिली मौत का सच आत्महत्या है या इसके पीछे कोई और कहानी छिपी है।
