धान क्रय केंद्रों का निरीक्षण कर प्रभारियों को दिए दिशा-निर्देश
जागरण संवाददाता चुनार/अदलहाट (मीरजापुर) खंड विकास अधिकारी नरायनपुर पवन कुमार सिंह
जागरण संवाददाता, चुनार/अदलहाट (मीरजापुर) : खंड विकास अधिकारी नरायनपुर पवन कुमार सिंह ने बुधवार को नरायनपुर व अदलहाट स्थित धान क्रय केंद्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने धान क्रय से संबंधित सुविधाओं एवं विभिन्न अभिलेखों का सत्यापन किया। केंद्र प्रभारियों को निर्देशित किया कि खरीद प्रारंभ होने से पूर्व कृषकों का संपर्क रजिस्टर अद्यतन कर लिया जाए। साथ ही संपर्क रजिस्टर पर टोकन के अनुसार हस्ताक्षर कराना सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने केंद्र पर भंडारण की पर्याप्त व्यवस्था रखने और अदलहाट केंद्र पर गोदाम में साफ-सफाई आदि न होने पर केंद्र प्रभारी तत्काल साफ सफाई सुनिश्चित करने के लिए निर्देश दिए। बीडीओ ने दोनों ही केंद्रों पर केंद्र प्रभारियों को वितरण का रजिस्टर निरंतर बनाने के लिए निर्देशित किया ताकि आनलाइन फीडिग कार्य के साथ विक्रय किए जाने वाले कृषकों का मैनुअल विवरण भी आवश्यकता के अनुरूप उपलब्ध हो सके। अदलहाट क्रय केंद्र पर धान की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए पाव डस्टर की उपलब्धता सुनिश्चित करने हेतु केंद्र प्रभारी को निर्देशित किया गया। साथ ही सभी केंद्रों पर डबल इलेक्ट्रॉनिक कांटे को निरंतर चेक करने तथा उसको क्रियाशील रखने के लिए सख्त निर्देश दिए गए। इस दौरान एडीओ आइएसबी रवींद्र सिंह, अध्यक्ष अजय सिंह, सचिव आरती पटेल, संजय श्रीवास्तव, आंकिक मंगला सिंह थे। धान क्रय केंद्रों का अधिकारियों ने किया निरीक्षण
जमालपुर : धान क्रय केंद्रों का निरीक्षण जनपद के अधिकारियों ने किया। चौकियां धान क्रय केंद्र का डीडीओ अजितेंद्र नारायण, बहुआर धान क्रय केंद्र का पीडी ऋषिमुनि उपाध्याय ने एवं ओड़ी साधन सहकारी समिति धान क्रय केंद्र का निरीक्षण बीडीओ हेमंत कुमार सिंह ने किया। हसौली गांव स्थित ओड़ी साधन सहकारी समिति पर निरीक्षण करने पहुंचे बीडीओ से हसौली गांव के किसानों ने हसौली, लोढ़वा और गोगहरा गांव को धान विक्रय के लिए ओड़ी समिति धान क्रय केंद्र एलाट न किए जाने का मामला उठाया। बीडीओ ने उच्चाधिकारियों को अवगत कराने का आश्वासन दिया। इस दौरान एडीओ आइएसबी राकेश सिंह, क्रय केंद्र प्रभारी बाबूलाल सिंह, उमेश सिंह आदि किसान थे।