चुनार में नम आंखों से मां दुर्गा को दी विदाई, अगले बरस फिर आने का लगाया जयकारा
चुनार और आसपास के क्षेत्रों में मंगलवार देर रात तक भक्तिमय वातावरण में दो दर्जन से अधिक दुर्गा प्रतिमाओं का ...और पढ़ें

चुनार में नम आंखों से मां दुर्गा को विदाई, अगले बरस फिर आने का जयकारा गूंजा।
HighLights
चुनार में दो दर्जन से अधिक दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन।
गंगा तट के निकट अस्थायी पोखरे में हुआ विसर्जन।
भक्तों ने नम आंखों से दी मां दुर्गा को विदाई।
जागरण संवाददाता, चुनार (मीरजापुर)। मां दुर्गा की आराधना, भक्ति और उल्लास से सराबोर वातावरण मंगलवार की देर रात तक भावुक विदाई के दृश्यों में बदल गया। चुनार नगर एवं आसपास के क्षेत्रों में पूजा पंडालों में स्थापित दो दर्जन से अधिक दुर्गा प्रतिमाओं का गंगा तट के निकट बनाए गए अस्थायी पोखरे में विसर्जन किया गया।
इस दौरान भक्तों ने नम आंखों से मां भगवती को विदाई दी और अगले वर्ष फिर से आने का आह्वान किया। नगर के गंगेश्वरनाथ, चौक बाजार, मोची टोला, गल्ला मंडी, मोहाना और सरैयां सिकंदरपुर सहित विभिन्न क्षेत्रों की पूजा समितियों के तत्वावधान में निकले विसर्जन जुलूस में श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बना।
डीजे की धुन पर थिरकते और अबीर-गुलाल उड़ाते भक्त मां की प्रतिमाओं के साथ नगर भ्रमण करते हुए नागरपुर स्थित विसर्जन स्थल पहुंचे। यहां विधि-विधान से एक-एक कर प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया। पूजा समितियों की ओर से श्रद्धालुओं को प्रसाद भी वितरित किया गया। ग्राम रैपुरिया में निकले विसर्जन जुलूस में बड़ी संख्या में महिला, पुरुष और बच्चे शामिल हुए।
भक्त नाचते-गाते मां के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़े। जुलूस में शामिल आकर्षक झांकियों ने भी दर्शकों का मन मोह लिया। कैलहट क्षेत्र में प्रतिमाओं का विसर्जन पचेवरा तालाब में किया गया। विसर्जन के दौरान उपजिलाधिकारी अनेग सिंह, क्षेत्राधिकारी गायत्री यादव, नगर पालिका अध्यक्ष मंसूर अहमद, कोतवाल विजय शंकर सिंह, अधिशासी अधिकारी विजय कुमार यादव और सफाई निरीक्षक लालमणि यादव सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
