जेन अल्फा इस बार मीरजापुर में सड़क पर उतरे, विद्यालय जाने के लिए सड़क की मांग को लेकर किया प्रदर्शन
बच्चों और अभिभावकों ने मीरजापुर के चेरुईराम कंपोजिट विद्यालय तक जाने वाली सड़क की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। बारिश ...और पढ़ें
HighLights
मीरजापुर में स्कूली बच्चों ने सड़क के लिए प्रदर्शन किया।
चेरुईराम कंपोजिट विद्यालय तक जाने वाली सड़क की मांग।
बारिश में स्कूल पहुंचने में होती है भारी परेशानी।
जागरण संवाददाता, मीरजापुर। आक्राेश की आंच से मीरजापुर जिला भी इस बार झुलसता नजर आया जब स्कूली बच्चों और उनके अभिभावकों ने रास्ते के लिए सोमवार को अचानक प्रदर्शन करना शुरू कर दिया। बच्चों की मांग है कि स्कूल पर पहुंचने के लिए उनको बेहतर सड़क दी जाए। बरसात में उनको स्कूल पहुंचने में काफी दुश्वारी का सामना करना पड़ता है।
विकास खंड सिटी के चेरुईराम कंपोजिट विद्यालय तक जाने के लिए मार्ग नहीं है, इसके चलते बच्चों को स्कूल जाने में परेशानी होती है। परेशान जेन अल्फा उम्र वाले स्कूली बच्चों ने सोमवार की स्कूल गेट के बाहर प्रदर्शन करके विरोध जताया। विरोध प्रदर्शन शुरू होने के बाद सूचना वरिष्ठ अधिकारियों को भी दी गई।
बताया गया कि कम्पोजिट विद्यालय चेरुईराम में रास्ते को लेकर ग्रामीणों ने धरना प्रदर्शन कर विद्यालय का गेट बंद कर दिए हैं। गेट खोलने नहीं दिया जा रहा है। प्रदर्शन के चलते तमाम शिक्षक और अन्य बच्चे रिमझिम वर्षा में बाहर खड़े रहे। प्रधानाध्यापक संतोष पांडेय ने कहा कि सड़क निर्माण की मांग कई बार की गई है, लेकिन स्थिति जस की तस बनी है। वर्षा के दिनों में बच्चों को विशेष परेशानी होती है।
कंपोजिट विद्यालय चेरुईराम तक जाने के लिए मार्ग नहीं है। सड़क निर्माण के लिए नायब तहसीलदार के साथ निरीक्षण किया गया था, लेकिन मौके पर सरकारी भूमि नहीं मिली। भूमि की अनुपलब्धता के चलते सड़क निर्माण नहीं हो पा रहा है।
रवींद्र शुक्ला, खंड शिक्षा अधिकारी सिटी।
