गैस रिसाव से लगी आग हजारों का सामान राख
चौकी क्षेत्र के राजगढ़ बैकटवा गांव गैस रिसाव होने से कच्चे घर में आग लग गई। इस दौरान घर समेत हजारों रुपये का गृहस्थी का सामान जलकर राख हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों के मदद से आग पर काबू पाया लेकिन तब तक सब कुछ नष्ट हो चुका था।
जासं, राजगढ़ (मीरजापुर) : चौकी क्षेत्र के राजगढ़ बैकटवा गांव निवासी विशंभर मजदूरी का काम करता है। श्रमिक का पुत्र शुक्रवार को राजगढ़ बाजार से गैस सिलेंडर भरवाकर घर पहुंचा। इसके बाद पत्नी भोजन बनाने के लिए जैसे ही गैस सिलेंडर को चूल्हा लगाकर जलाने का प्रयास किया तभी सिलेंडर से गैस के रिसाव होने से पूरे घर में आग लग गयी। परिवार के सभी सदस्य घर से बाहर सुरक्षित निकल आए लेकिन पूरा घर आग के आगोश में जलने लगा। इसमें गेहूं, चावल, कपड़ा, बिस्तर समेत सभी गृहस्थी के सामान जलकर राख हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस चौकी कांस्टेबल सतीश चौधरी, आशुतोष कुमार सिंह मौके पर पहुंचकर आग बुझाने में मदद की।