मीरजापुर में चुनार और सदर तहसील के 13 गांवों के सिवान में पहुंचा गंगा का पानी सब्जियाें की फसल डूबी
गंगा का पानी मीरजापुर के चुनार और सदर तहसील के 13 गांवों में पहुंच गया है, जिससे लगभग 300 बीघे ...और पढ़ें

मीरजापुर में गंगा का जलस्तर बढ़ा, 13 गांवों में घुसा पानी, फसलें डूबीं।
HighLights
चुनार-सदर तहसील के 13 गांवों में पहुंचा गंगा का पानी।
लगभग 300 बीघे की सब्जी और अन्य फसलें जलमग्न।
जिलाधिकारी ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर सहायता के निर्देश।
जागरण संवाददाता, मीरजापुर। चुनार व सदर तहसील क्षेत्र के 13 गांवों के सिवानों में गंगा बाढ़ का पानी पहुंच गया है। इससे लगभग 300 बीघे की सब्जी व अन्य फसल डूब गई है। कोन व सीखड़ ब्लाक के गांवों में पानी पहुंचने से गांव के लोग चिंतित होने लगे है। चुनार के टमम्मलपुर गांव में तो नाव चलने लगी।
सुबह आठ बजे गंगा का जलस्तर 75.620 मीटर रहा , लेकिन दोपहर बाद से जलस्तर में कमी आने लगी। इससे दोपहर 12 बजे गंगा का जलस्तर 75.620 मीटर से घटकर 75.600 मीटर हो गया । हालांकि अभी चेतावनी बिंदु 76.724 तथा खतरे के निशान 77.724 मीटर के ऊपर पानी नहीं पहुंचा था।
तीन दिनों से लगातार हो रही बारिश के चलते गंगा के जलस्तर में तेजी से बढ़ोत्तरी हुई। इसके चलते कोन ब्लाक के मुवैया व मझरा गांव के 150 बीघा फसल डूबी है। इसके अलावा हरसिंहपुर व मल्लेपुर गांव तक पानी पहुंच गया। वहीं सीखड़ ब्लाक के टम्मलपुर व बहरामगंज में पानी पहुंचने से गांव में पानी भर गया है। वहां नाव चलने लगी।
इसके अलावा गंगा किनारे बसे समसपुर , भौरही, ऐबकपुर, जलालपुर माफी, बगही, गांगपुर और शिवपुर गांव खेतों में बाढ़ का पानी पहुंचने से बोई गई सब्जियां डूब गई। लोग पशुओं के लिए नाव से चारा लेकर आ रहे हैं। यहां भी लगभग 150 बीघे डूब गई है।
बाढ़ की स्थिति को देखते हुए जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने लालगंज व चुनार एसडीएम के साथ लालगंज और चुनार इलाके का एक दिन पूर्व भ्रमण किया था। यहां की बाढ़ की स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों को पीड़ितों की हर संभव सहायता करने के लिए निर्देशित किया था। बाढ़ चौकियों पर तैनात कर्मचारियों से प्रभवित लोगों की मदद करने का निर्देश दिया था।
