मुआवजा को लेकर किसान काम रोककर करेंगे विरोध
राष्ट्रीय राज मार्ग सात पर फोरलेन मार्ग चौड़ीकरण के उचित मुआवजा व लम्बित आर्बिटेशन के निस्तारण की मांग को लेकर सोमवार को आक्रोशित किसानों व भूस्वामियों ने उग्र प्रदर्शन कर जिला प्रशासन के खिलाफ नारा बुलंद किया।
जागरण संवाददाता, नरायनपुर (मीरजापुर) : राष्ट्रीय राज मार्ग सात पर फोरलेन मार्ग चौड़ीकरण के उचित मुआवजा व लम्बित आर्बिटेशन के निस्तारण की मांग को लेकर सोमवार को आक्रोशित किसानों व भूस्वामियों ने उग्र प्रदर्शन कर जिला प्रशासन के खिलाफ नारा बुलंद किया।
प्रशासन द्वारा रविवार को किसानों से वार्ता के दौरान अधिग्रहित भूमि पर कब्जा हटाने व सड़क बनाने के प्रयास करने पर ग्रामीण उग्र हो गए थे। ग्रामीणों के विरोध के चलते काम रोक दिया गया था। बैठक में चौधरी यशवंत सिंह ने कहा कि जब तक भूस्वामियों द्वारा किए गए आर्बिटेशन पर निर्णय नहीं हो पाता, तब तक फेज वन में डीबीएल कंपनी को काम करने नहीं दिया जाएगा। किसान विरोध कर काम को रोक देंगे। अन्य वक्ताओं ने कहा कि भूस्वामियों के भूमि का मुआवजा बाजार दर से मिलना चाहिए। जबरन अधिग्रहण किया जाना और आवासीय भूमि का मुआवजा कृषि दर से दिया जाना गलत है। कहा कि लोग अपने मकानों में कई पुश्त से रह रहे आवासीय जमीन का भी मुआवजा कृषि दर दिया जा रहा है। भूस्वामियों के साथ बहुत बड़ा अन्याय है। अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जायेगा। इस दौरान माताप्रसाद पटेल, संजय सिंह, सतेंद्र कुमार सिंह, सच्चिदानंद ओझा, अरविद कुमार सिंह, अरुण सिंह, विनोद सिंह, अशोक यादव आदि भूस्वामी रहे।