बाजार में फल व दउरा की महिलाओं ने की खरीदारी
पुत्रों के दीर्घायु होने के लिए मनाए जाने वाला पर्व जीवित्पुत्रिका (जिउतिया) रविवार को है। निर्जला व्रत रहने वाली माताओं ने शनिवार को सोने-चांदी तथा पीतल के बने जिउतिया एवं अन्य पूजन सामग्रियों की खरीदारी की।
जागरण संवाददाता, चुनार (मीरजापुर) : पुत्रों के दीर्घायु होने के लिए मनाए जाने वाला पर्व जीवित्पुत्रिका (जिउतिया) रविवार को है। निर्जला व्रत रहने वाली माताओं ने शनिवार को सोने-चांदी तथा पीतल के बने जिउतिया एवं अन्य पूजन सामग्रियों की खरीदारी की। जिउतिया व्रत में उपयोग होने वाली सामग्री की कीमतों में काफी उछाल देखा गया। इसके बावजूद लोग बाजार में व्रत के लिए आवश्यक सामग्रियों की खरीदारी करते दिखाई दिए। पुत्र की कामना एवं लंबी उम्र और सुख शांति के लिए महिलाएं इस व्रत को करती हैं। इस व्रत में मुख्य रूप से गन्ना समेत खीरा एवं अन्य फलों का उपयोग होता है।
नगर के चौक बाजार, मेन मार्केट, गोला बाजार में खरीदारी को लेकर सुबह से ही महिलाओं की भीड़ रही। ग्रामीण अंचलों में कस्बों व बाजारों में भी पूजन सामग्री व व्रत के सामानों की खरीदारी की धूम रही। शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों में इस पर्व को लेकर खासा उत्साह है। इस दौरान व्रत में उपयोग होने वाले केला, सेब, नारियल आदि फलों की भी खरीद की गई। जीवित्पुत्रिका पर्व पर राजा जीमूतवाहन की पूजा करने का विधान है। इसमें शुद्धता और पवित्रता का विशेष ध्यान रखा जाता है। मान्यता है कि इस व्रत को रहने से पुत्रों पर आसन्न संकट टल जाते हैं और उनकी वे दीर्घायु होते हैं।