विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मीरजापुर में एआई बेस्ड लाइव स्ट्रीमिंग के बीच पहली बार इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीन और वीवी पैट की प्रथम स्तरीय जांच

By Amit Kumar Tiwari Edited By: Abhishek sharma
Published: Sat, 10 Oct 2026 01:09 PM (GMT+05:30)

मीरजापुर में 12 अक्टूबर से एआई-आधारित लाइव स्ट्रीमिंग के साथ ईवीएम और वीवीपैट की प्रथम स्तरीय जांच (एफएलसी) शुरू होगी। ...और पढ़ें

मीरजापुर में एआई लाइव स्ट्रीमिंग के साथ ईवीएम-वीवीपैट की पहली एफएलसी।

मीरजापुर में एआई लाइव स्ट्रीमिंग के साथ ईवीएम-वीवीपैट की पहली एफएलसी।

HighLights

  1. 12 अक्टूबर से ईवीएम-वीवीपैट की एफएलसी शुरू।

  2. एआई-आधारित लाइव स्ट्रीमिंग से होगी निगरानी।

  3. विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारी तेज।

जागरण संवाददाता, मीरजापुर। एआई बेस्ड लाइव स्ट्रीमिंग के बीच पहली बार इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) व वीवी पैट की प्रथम स्तरीय जांच (एफएलसी) होगी। आब्जर्वरों की निगरानी में आगामी 12 अक्टूबर से भिस्खुरी स्थित गोदाम पर एफएलसी आरंभ होगी। विधानसभा सामान्य निर्वाचन 2027 के मद्देनजर निर्वाचन विभाग व जिला प्रशासन कवायद में जुट गया है।

इंजीनियरों की टीम द्वारा जनपद के भिस्खुरी स्थित गाेदाम में रखे गए 3229 बैलेट यूनिट, 3229 कंट्रोल यूनिट व 3229 वीवी पैट की निरंतर एफएलसी की जाएगी। इस दौरान आब्जर्वर निर्वाचन के संयुक्त सचिव गोपीनाथ कुंवर और शिवम अरोड़ा स्वयं मौजूद रहेंगे। इसके साथ ही राजनीतिक दल के प्रतिनिधि भी शामिल रहेंगे।

वहीं दूसरी तरफ जिला निर्वाचन अधिकारी पवन कुमार गंगवार की ओर से सभी विभागाध्यक्षों से विभाग में तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों का विवरण आनलाइन दर्ज कराया गया है। इसके बाद निर्वाचन के लिए सेक्टर आफिसर, मास्टर ट्रेनर के साथ ही जोनल मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टैटिक मजिस्ट्रेट व माइक्रो आब्जर्वर तैनात किए जाएंगे। साथ ही निर्वाचन की निरंतर निगरानी के लिए आईसी तथा व्यय सेल बनेगा।

जनपद के 2143 बूथों पर होगा मतदान
विधानसभा चुनाव के मदॅदेनजर जनपद में 1352 मतदान केंद्र और 2143 मतदेय स्थल बनाए गए हैं। इसमें विधानसभा छानबे (395) में 308 मतदान केंद्र व 446 मतदेय स्थल हैं। वहीं विधानसभा मीरजापुर (396) में 198 मतदान केंद्र व 421 मतदेय स्थल, विधानसभा मझवां (397) में 264 मतदान केंद्र व 442 मतदेय स्थल, विधानसभा चुनार (398) में 278 मतदान केंद्र व 410 मतदेय स्थल तथा विधानसभा मड़िहान (399) में 304 मतदान केंद्र और 424 मतदेय स्थल हैं।

जिले में 16,82,966 मतदाता
जनपद में कुल 16,82,966 मतदाता हैं। इसमें 9,13,867 पुरुष, 7,69,040 महिला और 50 थर्ड जेंडर मतदाता हैं। एसआइआर के बाद जनपद में 1,15,427 मतदाता बढ़े हैं। इसमें 58,201 पुरुष व 57,215 महिला के साथ ही 11 थर्ड जेंडर मतदाताओं की बढ़ोतरी हुई है। इसके पूर्व जनपद में कुल 15,67,539 मतदाता थे। इसमें से 8,55,675 पुरुष, 7,11,825 महिला तथा 39 थर्ड जेंडर मतदाता थे। जनपद में 3033 सर्विस मतदाता अर्थात सैनिक भी हैं जो पोस्टल मतदान करते हैं।

जनपद में चार भाजपा व एक अपनादल एस विधायक
जनपद के पांच विधानसभा सीटों में से चार पर भारतीय जनता पार्टी और एक पर अपना दल एस के विधायक हैं। इसमें से विधानसभा छानबे में अपना दल एस से रिंकी कोल हैं। तो वहीं भाजपा से विधानसभा मीरजापुर नगर में रत्नाकर मिश्र, मझवां में शुचिस्मिता मौर्य, चुनार में अनुराग सिंह तथा मड़िहान में रमाशंकर सिंह पटेल विधायक हैं।