आसमान से बरस रही आग, राह मुश्किल
जासं, मीरजापुर : दो दिनों से आसमान से आग बरस रही है। पछुआ हवा के साथ चल रही लू पूरे बदन को झुलसा रह
जासं, मीरजापुर : दो दिनों से आसमान से आग बरस रही है। पछुआ हवा के साथ चल रही लू पूरे बदन को झुलसा रही है। तीखी धूप के कारण लोगों को राह चलना मुश्किल हो रहा है। दोपहर में सड़कों पर सन्नाटा पसर जा रहा है। इस गर्मी से आमजन के साथ पशु पक्षी भी बेहाल नजर आ रहे हैं। अचानक बढ़ी गर्मी मौसम के मंसूबे को जाहिर कर रहे हैं।
आंधी व बरसात के बाद दो दिन तक तो मौसम का पारा गिर गया था। एक बारगी लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिल गई थी, लेकिन शनिवार से ही गर्मी ने करिश्मा दिखाना शुरू कर दिया है। गर्मी का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि शनिवार को अधिकतम तापमान 39.2 सेग्रे था, वह रविवार को 42 सेग्रे के पार चला गया। ऊपर से पछुआ हवा के साथ चल रही तन झुलसा देने वाली लू से आम जन का राह चलना मुश्किल हो गया है।
सुबह सूर्याेदय के साथ ही धूप मिर्ची की तरह तीखी लग रही थी। सुबह आठ बजे के बाद गर्मी बर्दाश्त के बाहर हो जा रही है। दस बजे के बाद तो राह चलना मुश्किल हो रहा है। मजबूरी में जो लोग बाहर निकल रहे हैं, वे अपने सिर मुंह व बदन को ढंक कर चल रहे हैं। बसों एवं ट्रेनों में लू का असर है। यात्री खिड़की खोलकर चलने की बजाय बंद करके चल रहे हैं। ग्रामीण गर्मी लू से बचने के लिए सुबह दस बजे के बाद घरों में कैद हो जा रहे हैं। इस गर्मी से खेती किसानी का काम भी प्रभावित हो रहा है। तेज धूप व लू से आमजन के पशु पक्षी भी बेहाल नजर आ रहे हैं। सड़कों पर दिन रात घूम रहे छुट्टा पशु पक्षी भी सड़कों की बजाय पेड़ों की छांव में समय काट रहे हैं। पटेहरा के किसान बसंतलाल मिश्र ने बताया कि अचानक बढ़ी गर्मी से एक बार फिर मौसम बिगड़ने के आसार नजर आ रहे हैं।