मीरजापुर के लहुरियादह गांव में दिव्या मित्तल के आने का इंतजार कर रहीं दुईजी देवी
लहुरियादह गांव की दुईजी देवी पूर्व जिलाधिकारी दिव्या मित्तल का बेसब्री से इंतजार कर रही हैं, जिन्होंने पहले गांव में ...और पढ़ें

लहुरियादह में दिव्या मित्तल का इंतजार: दुईजी देवी की आस, क्या बनेगा स्कूल।
HighLights
दुईजी देवी पूर्व डीएम दिव्या मित्तल का इंतजार कर रही हैं।
दिव्या मित्तल ने लहुरियादह का पेयजल संकट दूर किया था।
ग्रामीण रुके हुए स्कूल निर्माण में मदद चाहते हैं।
जागरण संवाददाता, ड्रमंडगंज (मीरजापुर)। लहुरियादह गांव में पेयजल संकट को दूर करने में अहम भूमिका निभाने वाली पूर्व जिलाधिकारी दिव्या मित्तल के विंध्याचल आने की खबर मिलने पर लहुरियादह गांव के लोगों को दिव्या मित्तल के आने का बेसब्री से इंतजार है। लहुरियादह गांव को पेयजल संकट से निजात दिलाने पर गांव की वृद्ध महिला दुईजी देवी ने 29 अगस्त 2023 को नल से पेयजल का शुभारंभ करने पहुंची तत्कालीन जिलाधिकारी दिव्या मित्तल के सिर पर हाथ रखकर "जुग जुग जियो बिटिया" का आशीर्वाद दिया था।
बीमार चल रही दुइजी देवी को रविवार को पूर्व जिलाधिकारी दिव्या मित्तल के विंध्याचल पहुंचने की जानकारी मिली तो उनके चेहरे पर खुशी देखने को मिली। उन्हें विश्वास था कि देर शाम तक लहुरियादह आएंगी। दिव्या मित्तल लहुरियादह नही जाने पर उनके चेहरे पर थोड़ी सी निराशा देखने को मिली।
दिव्या मित्तल के लहुरियादह पहुंचने की आस लगाई दुईजी देवी को पूरा भरोसा है कि वह उनसे मिलने जरूर आएंगी। दुईजी देवी की दो दिन पूर्व तबीयत खराब होने पर बेटे रमेश ने उन्हे अस्पताल में भर्ती करवाया था। शनिवार को स्वास्थ्य में सुधार होने पर घर आ गई। दुईजी देवी ने दैनिक जागरण से बातचीत करते हुए बोलीं " मरत के दारीं आवैं डीएम साहेब से हमार ओनकर मुलाकात होइजाइ, देखि लेई बोलि बतियाइ लेई।
बोलीं लहुरियादह में जइसनइ पानी दिहिन वइसनइ स्कूल बनवाइ देंइ ओनकर बड़ा नाम होई" दुईजी देवी का कहना है कि जिस तरह पूर्व जिलाधिकारी ने लहुरियादह गांव में पानी दिया उसी तरह से विद्यालय का भी निर्माण करवा दें। कहा कि लहुरियाद गांव बहुत पिछड़ा है। बीते 29 सितंबर को दिव्या मित्तल ने वीडियो जारी कर लहुरियादह गांव के फाइल में गुम उच्च प्राथमिक विद्यालय का जिक्र किया था।
दिव्या मित्तल के वक्तव्य और दैनिक जागरण में प्रमुखता के साथ खबर प्रकाशित होने के दूसरे दिन तीस सितंबर को जिला प्रशासन ने उच्च प्राथमिक विद्यालय की आवंटित भूमि पर चिन्हांकन करवाते हुए निर्माण कार्य शुरू करवाया। लेकिन निर्माण कार्य के पांचवें दिन चार अक्टूबर को वनविभाग ने आवंटित भूमि को वन भूमि बताते हुए कार्य रोक दिया।
निर्माण कार्य रूके एक सप्ताह हो गया लेकिन जिला प्रशासन भूमि विवाद का कोई हल नही निकाल सका। जिससे लहुरियादह गांव में उच्च प्राथमिक विद्यालय का निर्माण कार्य अधर में लटका हुआ है।दुईजी देवी सहित ग्रामीणों ने दूसरी भूमि पर विद्यालय का निर्माण करवाए जाने की मांग की है।अब देखना यह है कि दिव्या मित्तल से मिलने की आस लगाए दुईजी देवी की इच्छा कब पूरी होती है।
