नटवां रेलवे अंडरपास ब्रिज में भरा पानी, डीएम ने निकलवाया
जिलाधिकारी सुशील कुमार पटेल ने शास्त्री बिज की तरफ जाने वाले रेलवे अंडरपास ब्रिज नटंवा का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान नगर पालिका के अधिकारियों को बरसात के कारण ब्रिज के अंदर भरे पानी को पंप लगाकर अनवरत् निकवाने का निर्देश दिया।
जासं, मीरजापुर : जिलाधिकारी सुशील कुमार पटेल ने शास्त्री बिज की तरफ जाने वाले रेलवे अंडरपास ब्रिज नटवां का निरीक्षण किया। इस दौरान नगर पालिका के अधिकारियों को बरसात के कारण ब्रिज के अंदर भरे पानी को पंप लगाकर अनवरत निकलवाने का निर्देश दिया। कहा कि पंप चलाने के लिए कर्मचारी लगाया जाएं, ताकि जलजमाव हो तो तत्काल पानी निकाला जा सके। जिलाधिकारी ने वहां रूककर तत्काल पानी निकलवाया। दैनिक जागरण ने 11 जुलाई को पेज चार पर खबर 'मुसीबत बना रेलवे अंडरपास ब्रिज' शीर्षक से प्रमुखता के साथ समाचार प्रकाशित किया तो प्रशासन हरकत में आया और तत्काल नटवां स्थित रेलवे अंडरपास ब्रिज के अंदर भरे पानी को निकलवाया। साथ ही पंप लगाकर अनवरत पानी निकालने के लिए नगर पालिका के अधिकारियों को निर्देशित किया। कुछ दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण हर जगह जलजमाव की स्थिति हो गई है। वहीं रेल मार्ग के नीचे बनाए गए रेलवे अंडरपास ब्रिज के अंदर भी जलजमाव होने से वाहनों के आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था और जाम की स्थिति उत्पन्न हो रही थी। जलजमाव की समस्या का समाधान होने से शास्त्री सेतु पर लगने वाले जाम से छुटकारा मिलेगा और सेतु पर भार भी कम पड़ेगा। सेतु पर जाम लगने से खतरे की आशंका बनी थी। इस दौरान अपर जिलाधिकारी यूपी सिंह के अलावा नगर पालिका के अधिकारी भी मौजूद रहे।