मीरजापुर में नदी किनारे मिला बीडीसी की पत्नी का शव, मायके से घर लौटते समय बीच रास्ते से हुईं थीं लापता
मीरजापुर के विंध्याचल निवासी एक बीडीसी की लापता पत्नी का शव हरई नदी किनारे मंगलवार को अवस्था में मिला।महिला के शव काे पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। रिपोर्ट में जो भी मामला आएगा उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
जागरण संवाददाता, मीरजापुर : विंध्याचल निवासी एक बीडीसी की लापता 40 वर्षीय पत्नी का शव देहात कोतवाली के करनपुर स्थित हरई नदी किनारे मंगलवार को मिला। नदी किनारे पहुंचे चरवाहों ने महिला का शव देख इसकी सूचना गांव के लाेगों को दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने आसपास के लोगों ने शव की पहचान कराई ताे महिला विंध्याचल क्षेत्र के एक गांव की निवासी बताई गई। महिला के स्वजन ने शव की पहचान कर उसके साथ दुष्कर्म कर हत्या किए जाने की आशंका जताई। इस संबंध में सीओ सदर शैलेंद्र त्रिपाठी ने बताया कि महिला के शव काे पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। रिपोर्ट में जो भी मामला आएगा, उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
रिश्तेदार की सगाई में गई थी
पति ने बताया कि उसके ससुराल पड़री में एक रिश्तेदार की सगाई में गई थी, जिसमें शामिल होने के लिए उसकी पत्नी 20 नवंबर को मायके गई थी। वहां कार्यक्रम में शामिल होने के बाद 21 नवंबर को उसने पड़री स्थित चंडिकाधाम का दर्शन-पूजन किया।
शाम करीब चार बजे महिला के पिता ने पड़री बाजार से घर विंध्याचल आने के लिए उसको बस में बैठा दिया। बस में उसे बैठाने के बाद उसके पति को फोन भी कर दिया। पति करीब सात बजे विंध्याचल बस स्टैंड पर उसको लेने के लिए गया लेकिन वह नहीं आई। काफी देर तक उसकी खोजबीन की, लेकिन वह नहीं मिली। इसके बाद वह घर चला गया।
दुष्कर्म करने के बाद उसकी हत्या कर दी
सुबह उसकी खोजबीन करने के लिए फिर परिवार के लोग निकले। मंगलवार को कुछ चरवाहे नदी किनारे गए तो एक महिला का शव देख ग्रामीणों को सूचना दी। पुलिस ने प्रधान के माध्यम से बीडीसी को मौके पर बुलवाया और शव की शिनाख्त की गई। महिला को तीन लड़के व एक लड़की है। आशंका जताई गई कि महिला को कुछ लोग बीच रास्ते से वहां ले गए और उसके साथ दुष्कर्म करने के बाद उसकी हत्या कर दी।
जंगल के बीच महिला का शव
जिस स्थान पर महिला का शव नदी किनारे मिला है, वहां कोई आता-जाता नहीं है। वह स्थान जंगल के बीच में है जहां पर काफी झाड़ी है। इससे आशंका जताई जा रही है कि महिला का कोई पहचान वाला उसे वहां पर ले गया और उसके साथ दुष्कर्म करने के बाद उसकी हत्या कर दी होगी। बहरहाल, पुलिस महिला के माेबाइल फोन का काल डिटेल खंगाल रही है।