विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

चुनार विधायक का रिपोर्ट कार्ड : विकास कार्यों में पारदर्शिता और क्षेत्रीय प्राथमिकता का दावा

By Gurpreet Singh ShammiEdited By: Abhishek sharma
Published: Fri, 04 Sep 2026 01:47 PM (IST)

चुनार विधायक अनुराग सिंह ने अपने कार्यकाल में व्यापक विकास कार्यों का दावा किया है, जिसमें विधायक निधि का पारदर्शी ...और पढ़ें

चुनार विधायक अनुराग सिंह का रिपोर्ट कार्ड विकास कार्यों और जनविश्वास पर केंद्रित।

चुनार विधायक अनुराग सिंह का रिपोर्ट कार्ड विकास कार्यों और जनविश्वास पर केंद्रित।

HighLights

  1. विधायक अनुराग सिंह ने 20 करोड़ की विधायक निधि का उपयोग किया।

  2. चुनार में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन विकास के कई कार्य हुए।

  3. विपक्ष ने गंगा कटान, बाढ़ जैसी पुरानी समस्याओं के समाधान पर सवाल।

जागरण संवाददाता, मीरजापुर। चुनार विधानसभा सामान्य सीट से भाजपा से दूसरी बार विधायक बने अनुराग सिंह दावा है कि उनके कार्यकाल में विधानसभा क्षेत्र में व्यापक स्तर पर विकास कार्य कराए गए। चार वर्षों में मिले विधायक निधि के 20 करोड़ का संपूर्ण उपयोग पूरी पारदर्शिता के साथ करते हुए नगर पालिका परिषद चुनार तथा सीखड़, नरायनपुर और जमालपुर विकास खंड के गांवों में आवश्यकता के अनुरूप सड़क निर्माण, जलनिकासी, पेयजल व्यवस्था, सेमी हाइमास्ट लाइटें, ओपन जिम, इंटरलाकिंग और अन्य आधारभूत सुविधाओं के कार्य कराए गए हैं।

विकास कार्यों के लिए पार्टी की मंडल इकाइयों से लेकर बूथ स्तर तक काम के प्रस्ताव मंगाकर समीक्षा करने के बाद स्थानीय जरूरतों के आधार पर प्राथमिकता तय कर कार्य कराया जाता है। इसके साथ शासन स्तर पर प्रभावी पैरवी के माध्यम से लोक निर्माण, नगर विकास, उच्च शिक्षा, माध्यमिक एवं प्राथमिक शिक्षा, युवा कल्याण सहित विभिन्न विभागों की कई महत्वपूर्ण योजनाएं भी क्षेत्र में स्वीकृत कराकर धरातल पर उतारी गई हैं। विधायक निधि से करीब 50 प्रतिशत काम निर्धारित किए गए हैं और त्वरित विकास निधि के पांच करोड़ की विभिन्न योजनाएं भी कार्यान्वित हो रही हैं।

सत्ता पक्ष के होने के कारण विधायक ने सदन में मुद्दे उठाने की बजाए नियम 51 के तहत वह अविलंबनीय लोक महत्व के मामलों पर शासन (सरकार) का ध्यान आकर्षित कराते हैं। उन्होंने सीखड़ ब्लाक के मझरा गांव में 1965 में भूमि सर्वेक्षण के दौरान हुई गड़बड़ी को विधानसभा याचिका समिति के समक्ष रखा था। इसमें बड़ी संख्या में स्थानीय भूमिधरों के गाटा नंबरों में गड़बड़ी हुई थी। जिसमें करीब 50 प्रतिशत गड़बड़ियां ठीक कर दी गई हैं। इसके साथ ही बगहीं गांव में हो रही गंगा की कटान का मामला विधानसभा याचिका समिति के समक्ष रखा था। इसके साथ ही समसपुर में गंगा पंप कैनाल स्थापित किए जाने, नरायनपुर बाजार को नगर पंचायत बनाने का मामला भी वह मुख्यमंत्री के समक्ष रख चुके हैं।

विधायक की यह भी उपलब्धियां

विधायक के प्रयास से जमालपुर ब्लाक में 11.43 करोड़ से राजकीय महिला महाविद्यालय बन रहा है। 3.94 करोड़ से चुनार परेड ग्राउंड को सुरक्षित करने के लिए बाउंड्री और उसमें खेल सुविधाओं के लिए टेनिस व बैडमिंटन कोर्ट का निर्माण, 4.83 करोड़ से शीतला माता मंदिर संपर्क मार्ग अदलपुरा का चौड़ीकरण व सुदृढ़ीकरण, 3.95 करोड़ से चुनार पक्का पुल से चुनार किला मार्ग का चौड़ीकरण, 97 लाख से चुनार पक्के पुल पर सुरक्षा जाली लगाने का कार्य व 2.29 करोड़ से उपनिबंधक कार्यालय का निर्माण पूर्ण हुआ।

3.30 करोड़ से नरायनपुर स्थित बैकुंठ महादेव मंदिर में पर्यटन विकास, बालू घाट स्थित गुहराज निषाद पार्क के नीचे 1.94 करोड़ से तथा संतोषी माता मंदिर के पास 2.41 करोड़ से घाट निर्माण, 1.10 करोड़ से मुख्यमंत्री अभ्युदय कंपोजिट विद्यालय योजना के तहत हाजीपुर में कंपोजिट विद्यालय का निर्माण कार्य, 1.50 करोड़ से चुनार के टमलगंज में शिवा मंदिर एवं गंगाघाट पर सुविधाओं के विकास के साथ ही अन्य कई कार्य पूर्ण हो गए हैं कई निर्माणाधीन हैं। इसके साथ ही प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चुनार परिसर में 50 बेड का एक और अस्पताल बनकर तैयार हो चुका है।

बोले विधायक

मेरे लिए राजनीति केवल चुनाव जीतने का माध्यम नहीं, बल्कि जनविश्वास का दायित्व है। पिछले चार वर्षों में हमारा प्रयास रहा कि विकास किसी एक क्षेत्र या वर्ग तक सीमित न रहे। चुनार की जनता ने जिस विश्वास के साथ मुझे अपना प्रतिनिधि बनाया, उसे विकास के ठोस कार्यों में बदलना मेरी प्राथमिकता रही है। हमारी सरकार की नीति सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास को चुनार विधानसभा में धरातल पर उतारने का प्रयास किया गया है। विधायक निधि की धनराशि पूरी पारदर्शिता के साथ जनता की जरूरतों के अनुरूप खर्च की गई है। हमारी कार्यशैली सत्ता के केंद्रीकरण की नहीं, बल्कि बूथ, गांव और मंडल स्तर से प्राप्त सुझावों के आधार पर विकास की प्राथमिकताएं तय करने की रही है। इसी सोच के कारण सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, पर्यटन और धार्मिक स्थलों के विकास से जुड़ी अनेक बड़ी परियोजनाएं क्षेत्र को मिली हैं। -अनुराग सिंह, विधायक चुनार।

बोले रनर अप

कई प्रमुख समस्याएं अब भी बरकरार

रनर अप रहे अपना दल कमेरावादी के प्रत्याशी व वर्तमान में जनहित संकल्प पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डा. आरएस पटेल का कहना है कि विधानसभा क्षेत्र की कई वर्षों पुरानी समस्याएं आज भी जस की तस हैं। ढाब क्षेत्र में होने वाली गंगा कटान, गांगपुर पुल का निर्माण, सीखड़ में हर वर्ष आने वाली बाढ़ से गांवों के डूबने और फसलों के नुकसान जैसी समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं हो सका है। इन मुद्दों पर लगातार आश्वासन तो मिले, लेकिन अपेक्षित प्रगति दिखाई नहीं देती। जमालपुर ब्लाक में डिग्री कालेज, आइटीआइ, पालीटेक्निक कालेज, नारायणपुर में टेक्निकल कालेज तथा लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल पार्क जैसी परियोजनाओं की घोषणाएं की गई थीं, लेकिन अधिकांश का पता नहीं है।

बोली जनता

  • चुनार क्षेत्र में अपेक्षाकृत विकास हुआ है। फिलहाल युवाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल सुविधा मुहैया कराने से लेकर जमुई अंडरपास में होने वाले जलभराव की समस्या के त्वरित निदान की आवश्यकता है। सड़क, पुल और बाजार की मूलभूत सुविधाएं बेहतर होंगी तो व्यापार भी बढ़ेगा और आम लोगों को भी सुविधा मिलेगी। -सुरेश वर्मा, राष्ट्रीय वालीबाल खिलाड़ी व सेवानिवृत्त विद्युतकर्मी।
  • ढाब क्षेत्र को जोड़ने वाली महत्वपूर्ण सड़क पिछले साल बाढ़ में क्षतिग्रस्त हो गई थी, जिसका निर्माण आज तक नहीं हो सका। सड़क, पेयजल और बिजली जैसी सुविधाओं में पहले से सुधार हुआ है। गांवों में स्वास्थ्य सेवाएं, महिलाओं की सुरक्षा पर और ज्यादा ध्यान देने की जरूरत है, ताकि आम लोगों को रोजमर्रा की परेशानियों से राहत मिल सके। -मांधाता सिंह, बगहीं, चुनार।
  • पिछले कुछ वर्षों के दौरान आधारभूत विकास कार्यों में उल्लेखनीय तेजी आई है। सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यटन और खेल सुविधाओं से जुड़ी कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं पूरी हुई हैं, कुछ लंबित भी हैं। विकास का वास्तविक लाभ तभी व्यापक रूप से महसूस होगा, जब गांव और नगर दोनों क्षेत्रों की मूलभूत आवश्यकताओं का समान रूप से समाधान हो। -अवधेश कुमार वर्मा, स्टेशन रोड चुनार।
  • विधानसभा क्षेत्र में सड़क, शिक्षा, खेल, पर्यटन, स्वास्थ्य और धार्मिक स्थलों के विकास से तस्वीर बदली है। यदि इसी गति और गुणवत्ता के साथ विकास कार्य जारी रहे तो चुनार क्षेत्र आर्थिक, शैक्षिक और पर्यटन की दृष्टि से नई पहचान स्थापित कर सकता है। -पं. बृजेश चतुर्वेदी, भरपुर लाइन, चुनार।

-------------------------------

कुल मतदाताः 312956

पुरुष मतदाताः 168965

महिला मतदाता: 143983

अन्य मतदाताः 8