मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पहुंचे विंध्याचल, मां विंध्यवासिनी का किया दर्शन पूजन, जनसभा को किया संबोधित
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मीरजापुर के विंध्याचल में मां विंध्यवासिनी के दर्शन किए। उन्होंने गंगा घाटों के निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया और चुनावी जनसभा को संबोधित किया।
HighLights
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विंध्याचल में मां विंध्यवासिनी के दर्शन किए।
गंगा घाटों पर चल रहे निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया।
भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में चुनावी जनसभा को संबोधित किया।
जागरण संवाददाता, मीरजापुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को सुबह 10.50 बजे विंध्याचल स्थित मोतिया झील हेलीपैड पर पहुंचे। यहां से कार से मां विंध्यवासिनी के दर्शन-पूजन के लिए रवाना हो गए। मुख्यमंत्री करीब दो घंटे दस मिनट के अपने प्रवास के दौरान मां विंध्यवासिनी के दरबार में हाजिरी लगाकर आशीर्वाद लेने के बाद गंगा घाटों पर चल रहे निर्माण कार्यों का निरीक्षण करेंगे।
इसके बाद भाजपा के शिक्षक व स्नातक विधान परिषद के प्रत्याशियों के समर्थन में एनएस-35 पर स्थित कालीखोह मंदिर मोड़ पर जनसभा को संबोधित करेंगे। मुख्यमंत्री का यह दौरा धार्मिक आस्था, विकास कार्यों के निरीक्षण और चुनावी जनसभा के जरिए राजनीतिक दृष्टि से भी अहम माना जा रहा है।
विंध्याचल स्थित मोतिया झील स्थित हेलीपैड पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का हेलीकॉप्टर सुबह 11 बजे उतरा तो पार्टी के पदाधिकारियों संग प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। वहीं हेलीपैड से मां विंध्यवासिनी धाम पहुंचे सीएम योगी ने मां विंध्यवासिनी मंदिर में दर्शन पूजन किया।
सीएम मीरजापुर में दर्शन- पूजन के बाद सुरक्षा व्यवस्था गंगा घाटों के निर्माण कार्य का जायजा लेंगे। इसके साथ ही शिक्षक विधान परिषद प्रत्याशी के समर्थन में काली खोह मंदिर के पास जनसभा को वह सम्बोधित करेंगे।
मां विंध्यवासिनी के दर्शन-पूजन व घाटों के निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री पहुंचे जनसभा स्थल पर
मां विंध्यवासिनी का आशीर्वाद लेने के बाद विंध्याचल के पक्का गंगा घाट पर जाकर वहां चल रहे निर्माण कार्यों को देखा। इसके बाद भाजपा के शिक्षक व स्नातक विधान परिषद के प्रत्याशियों के समर्थन में एनएस-35 पर स्थित कालीखोह मंदिर मोड़ स्थित जनसभा स्थल पहुंचे। मुख्यमंत्री का यह दौरा धार्मिक आस्था, विकास कार्यों के निरीक्षण और चुनावी जनसभा के जरिए राजनीतिक दृष्टि से भी अहम माना जा रहा है।
जनसभाम में मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए गंगा के दोनों तरफ पक्के घाटों का निर्माण कराया जा रहा है। घाट पक्का न होने से दुर्घटनाएं होती थीं। पक्का घाट बनने से श्रद्धालुओं को दुर्घटना से मुक्ति मिलेगी तो स्नान के बाद मां का नमन करेंगे। कहा कि मां का आशीर्वाद लेकर घर में खुशहाली लाएंगे।
कहा कि पूर्व की सरकार में विकास हो सकता था, लेकिन उन्होंने किया नहीं। आज त्रिकोण क्षेत्र के विकास में पैसा खर्च हो रहा है, लेकिन पैसा 2017 के पहले कब्रिस्तान की बाउंड्री बनवाने में खर्च होता था। कहा कि उस धनराशि के दुरुपयोग को सरकार रोक रही है। कहा कि प्रतिदिन दो लाख भक्त मां विंध्यवासिनी का दर्शन पूजन कर रहे हैं। पहले मां विंध्यवासिनी का धाम इतना सकरा था कि भक्तों भी परेशानी होती थी। कहा कि पहले जैसी अब व्यवस्था नहीं रही। अब बढिया कारिडोर बन गया है। इससे दर्शन में काफी आराम है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आस्था और श्रद्धा के साथ लोग कहते हैं कि इसके करने के लिए इच्छा शक्ति चाहिए। कहा कि जनता ने समाजवादी पार्टी को बेगाना बना दिया। कहा कि पिछड़ा व सामान्य किसी वर्ग का इनको कोई मतलब नहीं। कहा कि पहले सड़कों और शिक्षा की व्यवस्था नहीं थी। नौकरी पर भी उनका कब्जा था। एक ही परिवार का कब्जा था।
भाजपा सरकार प्रदेश में बनीं तो प्रदेश भर में 9.50 लाख बेरोजगार युवाओं को नौकरी दी। सुरक्षा का बेहतरीन वातावरण बनाया। एक जनपद एक उत्पाद में तीन करोड़ से ज्यादा रोजगार उपलब्ध कराया। आत्मनिर्भरता का लक्ष्य आज देखने को मिला है। आस्था भी आर्थिकी का उदाहरण बन रही है। प्रयागराज और मां विंध्यवासिनी धाम काशी विश्वनाथ धाम इसका उदाहरण है।
पहले रामलला टाट के नीचे रहने के लिए विवश थे। जिन्होंने राम मंदिर पर पूरा कुठाराघात किया आज राम मंदिर पर उपदेश देते फिर रहे हैं। प्रदेश में अराजकता चरम पर थी। शिक्षा की कोई व्यवस्था नहीं थी। शिक्षा न होने पर सबसे पहले सम्मान जाता है। शिक्षकों व स्नातक के सामने अपने भविष्य की चिंता होती है तो उनके सामने पलायन की समस्या होती है।
