सीएए के समर्थन में भाजपा ने निकाला बाइक जुलूस
नागरिकता संशोधन अधिनियम के समर्थन में लोक जागरण मंच व भारतीय जनता पार्टी के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को बाइल जुलूस निकालकर लोगों को जागरूक किया।
जासं, मीरजापुर : नागरिकता संशोधन अधिनियम के समर्थन में लोक जागरण मंच व भारतीय जनता पार्टी के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को बाइक जुलूस निकालकर लोगों को जागरूक किया। बाइक जुलूस महुवरिया स्थित बीएलजे मैदान से निकली जो गिरधर चौराहा, वासलीगंज, घंटाघर, बसनही बाजार, मुकेरी बाजार होते हुए लालडिग्गी स्थित लायंस स्कूल पहुंचकर समाप्त हुई। कार्यकर्ताओं ने नागरिकता संशोधन कानून के बारे में लोगों को जानकारी दी। कहा कि यह कानून नागरिकता छीनता नहीं बल्कि नागरिकता देने का काम करता है। रैली के दौरान नगर विधायक रत्नाकर मिश्र, नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष मनोज जायसवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष बृजभूषण सिंह के अलावा सैकड़ों कार्यकर्ता साथ चल रहे थे। इस दौरान राजकुमार विश्वकर्मा, नितिन विश्वकर्मा, वीरेंद्र प्रताप यादव आदि शामिल रहे।