पांच दिवसीय कार्य प्रणाली की मांग को लेकर मीरजापुर में बैंक कर्मियों की होगी हड़ताल
बैंक कर्मचारी अपनी विभिन्न मांगों, खासकर पांच दिवसीय बैंकिंग सेवा लागू करने की मांग को लेकर 11 सितंबर को राष्ट्रव्यापी ...और पढ़ें

बैंकों के कर्मचारी पांच दिवसीय बैंकिंग की मांग कर रहे हैं।
HighLights
बैंक यूनियंस का राष्ट्रव्यापी आंदोलन
जागरण संवाददाता, मीरजापुर : बैंक कर्मचारी विभिन्न मांगों को लेकर यूनाइटेड फोरम आफ बैंक यूनियंस के राष्ट्रव्यापी आंदोलन के आह्वान पर शुक्रवार को हड़ताल पर रहेंगे। सरकार द्वारा मांगाें पर सकारात्मक रवैया नहीं अपनाने के चलते बैंक कर्मचारी एक दिवसीय राष्ट्रव्यापी हड़ताल कर रहे हैं। बैंक कर्मचारी पांच दिवसीय बैंकिंग की मांग कर रहे हैं।
जिला संयोजक सुरेश पांडेय ने कहा कि सरकार की हठधर्मिता के कारण बैंक कर्मियों को आंदोलन के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। बताया कि 11 सितंबर को राष्ट्रव्यापी बैंक हड़ताल किया जा रहा है। इस दिन जनपद के सभी बैंक शाखाओं में तालाबंदी कर कर्मचारी सुबह 11 बजे इंडियन बैंक डंकीनगंज शाखा पर एकत्र होंगे।
उन्होंने चेतावनी दिया कि एक दिवसीय हड़ताल के बाद भी सरकार ने मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो बैंककर्मी 28, 29 व 30 सितंबर को देश भर के बैंक कर्मी तीन दिन बैंक बंद रखकर सड़क पर उतरकर आंदोलन करेंगे। इसकी पूरी जिम्मेदारी केंद्र सरकार की होगी। उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैक इम्पलाइज यूनियन उत्तर प्रदेश के कमल कुमार त्रिपाठी ने कहा कि आंदोलन में शामिल होकर कार्यक्रम को सफल बनाएं।
बंद रहेंगे ये सभी बैंक
यूनाइटेड फोरम आफ बैंक यूनियंस के राष्ट्रव्यापी आंदोलन के आह्वान पर जनपद के सभी बैंक बंद रहेंगे। इसमें इंडियन बैंक, केनरा बैंक, सेंट्रल बैंक, बैंक आफ बड़ौदा, बैंक आफ इंडिया, यूनियन बैंक, पंजाब एंड सिंध बैंक, इंडियन ओवरसीज बैंक, पंजाब नेशनल बैंक, यूको बैंक, स्टेट बैंक आफ इंडिया आदि सभी बैंक शाखाओं के अधिकारी व कर्मचारी शामिल होंगे।
बैंक कर्मचारियाें की प्रमुख मांगें
- पांच दिवसीय बैंकिंग सेवा लागू हो।
- सरकार की एक तरफा और भेदभावपूर्ण पीएलआइ योजना को वापस लें।
- यूनियन के साथ द्विपक्षीय चर्चा के माध्यम से योजना में संशोधन करें।
- बैंक कर्मचारियों की लंबित मुद्दों का समाधान करें।
