मीरजापुर में टमाटर चढ़ा बिजली के टावर पर, बोला - 'मेरी शादी करवाओ', उतरते ही हो गया फरार
मीरजापुर के अदलहाट क्षेत्र में एक युवक शादी की जिद में बिजली के टावर पर चढ़ गया और करीब चार ...और पढ़ें
HighLights
युवक बाबू उर्फ टमाटर शादी की मांग को लेकर टावर पर चढ़ा।
पुलिस ने चार घंटे की मशक्कत के बाद युवक को सुरक्षित नीचे उतारा।
नीचे उतरते ही युवक मौके से फरार, पुलिस परिवार से कर रही बातचीत।
जागरण संवाददाता, मीरजापुर। अदलहाट क्षेत्र के अचितपुर गांव में शनिवार को शादी की जिद में एक युवक टावर पर चढ़ गया। करीब चार घंटे तक वह बिजली के टावर पर बैठा रहा। पुलिस ने समझा- बुझाकर उसे शाम करीब पांच बजे सुरक्षित नीचे उतारा। हालांकि नीचे उतरते ही युवक मौके से भाग गया। पुलिस परिवार से बातचीत कर मामले को सुलझाने का प्रयास कर रही है।
अचितपुर गांव निवासी बाबू उर्फ टमाटर (23) पुत्र बिरजू एक युवती को अपने साथ लेकर चला गया था। बाद में स्वजनों ने युवती को उसके परिवार के सुपुर्द कर दिया। इससे नाराज युवक युवती से शादी कराने की जिद पर अड़ गया। शनिवार दोपहर करीब एक बजे वह गांव में लगे टावर पर चढ़ गया। युवक को टावर पर बैठा देख ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
ग्रामीणों ने उसे नीचे उतरने के लिए काफी समझाया, लेकिन वह शादी कराने की मांग पर अड़ा रहा। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और युवक से बातचीत कर उसे नीचे उतारने का प्रयास शुरू किया। करीब चार घंटे बाद शाम पांच बजे युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। नीचे आते ही वह मौके से भाग निकला। थानाध्यक्ष वैद्यनाथ सिंह ने बताया कि युवक शादी की जिद में टावर पर चढ़ा था। समझाकर उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया गया है।
