विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पंजाब के युवराज और बीएलडब्ल्यू के लालजी पहलवान के बीच हुई 51 हजारी कुश्ती बराबरी पर छूटी

By Gurupreet Singh Edited By: Abhishek sharma
Published: Wed, 21 Oct 2026 06:24 PM (IST)

चुनार के भरपुर में भरत मिलाप के अवसर पर आयोजित दंगल में पहलवानों ने अपने दांव-पेच दिखाए। 51 हजारी कुश्ती ...और पढ़ें

HighLights

  1. युवराज और लालजी की 51 हजारी कुश्ती बराबरी पर छूटी।

  2. महिला पहलवान राजनंदिनी ने शशि पटेल को चित किया।

  3. सौ वर्ष पुरानी चुनार की समृद्ध खेल विरासत का प्रदर्शन।

जागरण संवाददाता, चुनार (मीरजापुर)। भरत मिलाप के उल्लास के बीच बुधवार को चुनार के भरपुर स्थित किला के नीचे सजे अखाड़े में पहलवानों के दांव-पेच और दमखम ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया। दोपहर से देर शाम तक चली प्रतियोगिता में करीब तीन दर्जन छोटी-बड़ी कुश्तियां हुईं।

दंगल का सबसे बड़ा आकर्षण पंजाब के युवराज और बीएलडब्ल्यू के लालजी पहलवान के बीच हुई 51 हजारी कुश्ती रही। करीब दस मिनट तक चले मुकाबले में दोनों पहलवानों ने एक-दूसरे को पछाड़ने के लिए पूरा जोर लगाया, अंततः कुश्ती बराबरी पर छूटी। मुख्य अतिथि विधायक अनुराग सिंह और विशिष्ट अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष मंसूर अहमद ने पहलवानों का उत्साहवर्धन किया। विधायक ने सौ वर्ष से अधिक पुरानी इस प्रतियोगिता को चुनार की समृद्ध खेल विरासत बताया।

आकर्षण का केंद्र महिला पहलवा की चार हजारी कुश्ती में सजोई, वाराणसी की राजनंदिनी ने अपने ही अखाड़े की शशि पटेल को चित किया। वहीं दूसरे मुकाबले में सजोई की महिला पहलवान दीक्षा और नरोत्तमपुर के प्रिंस के बीच मुकाबला बराबरी पर समाप्त हुआ। अन्य प्रमुख मुकाबलों में दिल्ली के शमशेर और वाराणसी के तुषार के बीच 30 हजारी, भोपाल आर्मी के अंकित और वाराणसी के लक्कड़ के बीच 15 हजारी तथा उत्तराखंड के जावेद और बनियारपुर के विकास के बीच 11 हजारी कुश्ती बराबरी पर रही।

आठ हजारी मुकाबले में अहरक के धीरज ने ककरइया के मोनू को पटखनी दी, जबकि छह हजारी कुश्ती में रुदौली के संदीप ने दिल्ली के सागर को परास्त किया। इसके अलावा नचनियाबीर के दीपक ने अहरौरा के बलदाऊ, डीडीयू के सदानंद ने कछवा के महेश और ककरइया के नीतीश ने बीएचयू के पहलवान को हराया। संचालन अंतरराष्ट्रीय कोच रामसेवक यादव, श्यामधर चतुर्वेदी और कवि झगड़ू भैया ने किया।

आयोजन समिति के संरक्षक राजकुमार वर्मा अध्यक्ष मनीष राय, महामंत्री गौतम जायसवाल, कोषाध्यक्ष गुफरान अजमल, संयोजक संतोष सोनकर सहित अन्य सदस्य व्यवस्था में जुटे रहे। इस दौरान कोतवाल विजय शंकर सिंह, भाजपा नगर अध्यक्ष मंगरू साहनी, अंतरराष्ट्रीय पहलवान रवींद्र उर्फ भैरो यादव, समेत बड़ी संख्या में खेलप्रेमी मौजूद रहे।