कोरोना से जान गंवाने पर आश्रितों को सौंपा 22 लाख का चेक
कोरोना की चपेट में आकर जान गंवाने वाले कर्मचारियों के आश्रितों को शासन की ओर से आर्थिक सहायता दी गई है।
जागरण संवाददाता, मीरजापुर : कोरोना की चपेट में आकर जान गंवाने वाले कर्मचारियों के आश्रितों को शासन की ओर से आर्थिक सहायता दी गई है। इसके लिए शासन के निर्देश पर नपा अध्यक्ष मनोज जायसवाल ने लालडिग्गी स्थित प्रधान कार्यालय पर मृतक आश्रितों को 22 लाख का चेक सौंपा।
नपा अध्यक्ष ने बताया कि शासन की ओर से कोरोना से हुई मौतों का आंकड़ा मांगा गया था। कर्मचारियों की मौत के बाद उनके देयकों और आश्रितों की नियुक्ति का भी आदेश जारी किया गया था। कोरोना से नगर पालिका के सात कर्मचारियों की मृत्यु हुई थी। इसमें दिनेश, हसन, जाबिर, राजेंद्र, राजकुमार, रामसूरत, प्रभुनाथ शामिल थे। नपा अध्यक्ष ने कहा कि कोरोना संकट के बीच शहर को स्वच्छ रख अपनी जान गंवाने कर्मियों के देयकों का भुगतान कर दिया गया है। इनमें पांच कर्मचारियों का 22 लाख रुपये का भुगतान किया गया। जबकि एक कर्मचारी ने बैंक से पहले ही लोन ले रखा है। वहीं दूसरे कर्मचारी का मामला उच्च न्यायालय में विचाराधीन है। मामले का निपटारा होते ही इन कर्मियों के देयकों का भी भुगतान कर दिया जाएगा। कर्मचारियों की मौत के बाद चार मृतक आश्रितों की नियुक्ति भी कर दी गई है। एक मृतक आश्रित नाबालिग है। नपा अध्यक्ष ने कहा कि हर माह सेवानिवृत्त कर्मचारियों का लगभग 10 से 12 लाख का भुगतान करती है। इस माह भी पांच सेवानिवृत्त कर्मचारियों का लगभग सात लाख रुपये भुगतान किया गया। नगर पालिका में धन की कमी होने के बावजूद प्रतिमाह सेवानिवृत्त कर्मचारियों का भुगतान किया जा रहा है। इस दौरान लेखाकार विश्वास चंद सिन्हा, कर निर्धारण अधिकारी अरविद यादव, मुख्य सफाई निरीक्षक मनोज सेठ, जलकल अभियंता सुधीर वर्मा, आशीष सुदर्शन, लेखा लिपिक अवधेश कुमार यादव आदि रहे।