Encounter in Baghpat: लुटेरे गिरोह का सरगना जहीर पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, साथी फरार
सिंघावली अहीर थाना पुलिस की ग्राम तेड़ा के जंगल में नहर की पटरी पर शुक्रवार दोपहर बदमाशों से हुई मुठभेड़ में लुटेरे गिरोह का सरगना जहीर पैर में गोली लगने से घायल हो गया।
बागपत, जेएनएन। सिंघावली अहीर थाना पुलिस की ग्राम तेड़ा के जंगल में नहर की पटरी पर शुक्रवार दोपहर करीब 12.15 बजे बदमाशों से हुई मुठभेड़ में लुटेरे गिरोह का सरगना जहीर पैर में गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने उसको गिरफ्तार किया, जबकि उसका एक साथी भागने में कामयाब हो गया।
यह है मामला
थाना प्रभारी शिव प्रकाश सिंह के मुताबिक पुलिस टीम वाहनों की चेकिंग कर रही थी। बाइक पर सवार होकर आए दो युवकों को रोकने का इशारा किया तो आरोपित युवक भागने लगे। पीछा किया तो आरोपितों ने पुलिस टीम पर गोली चलाई। पुलिसकर्मी गोली लगने से बाल-बाल बचे। वहीं पुलिस ने आत्मरक्षा में फायर किया तो बाइक सवार एक युवक के पैर में गोली लग गई। जो बाइक के साथ जमीन पर गिर गया। उसे पकड़ लिया गया, जबकि उसका साथी भागने में कामयाब हो गया। पकड़ा गया आरोपित जहीर पुत्र वहीद निवासी ग्राम डौला है। उसको हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। जहीर के पास से एक तमंचा, दो कारतूस, एक खोखा और बगैर नंबर की अपाची बाइक बरामद हुई। जहीर थाने के पंजीकृत डी-51 गैंग का लीडर है। उसके खिलाफ बागपत, मेरठ, गौतमबुद्धनगर आदि स्थानों पर लूट, चोरी समेत विभिन्न धाराओं के करीब 15 मुकदमें दर्ज है। उसके फरार साथी की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे है।