नशे में धुत युवक ने घर में घुसकर महिला के सिर में गोली मारी, हालत गंभीर Baghpat News
पुरानी रंजिश को लेकर बुधवार की सुबह एक युवक इतना आग बबूला हो गया कि उसने घर में घुसकर ही पिस्टल से महिला को गोली मार दी जिसके बाद वह गंभीर रूप से घायल हो गई। महिला को उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है।
बागपत, जेएनएन। पुरानी रंजिश को लेकर बुधवार की सुबह एक युवक इतना आग बबूला हो गया कि उसने घर में घुसकर ही पिस्टल से महिला को गोली मार दी, जिसके बाद वह गंभीर रूप से घायल हो गई। महिला को उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है। घटना बुधवार सुबह 10 बजे की है।
गांव का ही आरोपित नशे की हालत में पिस्टल लेकर लोकेंद्र के घर पर पहुंचा और लोकेंद्र से गाली गलौज करने लगा। घर के दूसरे कमरे से लोकेंद्र की पत्नी मनोज देवी ने आरोपित को गाली देने से रोका तो आरोपित ने महिला पर पिस्टल से फायर किया। गोली मनोज देवी के सिर में लगी, जिसके बाद वह बेहोश होकर गिर पड़ी।आरोपित पिस्टल में दूसरी गोली मारने लगा तो शोर सुनकर मौके पर आए लोगों ने उसे दबोच लिया। और आरोपित से पिस्टल, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा तथा दो मोबाइल फोन भी छीन लिए। इसके बाद आरोपित किसी तरह ग्रामीणों से खुद को छुड़ाकर मौके से फरार हो गया।
ग्रामीणों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपित से बरामद सामान अपने कब्जे में ले लिया और पीड़िता को की गंभीर हालत को देखते हुए उपचार के लिए हायर सेंटर भेजा। सीओ आलोक सिंह ने बताया कि घटना की जांच शुरू करते हुए आरोपित की गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए है।