सीने में गोली मारकर युवक की हत्या
भावनपुर थानाक्षेत्र के पचपेड़ा निवासी खलील सरपंच का पचपेड़ा-औरंगाबाद मार्ग पर आम का बाग है।
मेरठ, जेएनएन। भावनपुर थानाक्षेत्र के पचपेड़ा निवासी खलील सरपंच का पचपेड़ा-औरंगाबाद मार्ग पर आम का बाग है। गुरुवार सुबह कुछ ग्रामीण बाग के पास से गुजरे तो एक युवक को बाग में पड़ा देखा। आसपास खून पड़ा था। सीने में गोली मारकर हत्या की गई थी। कमर पर भी चोटों के निशान थे। थाना पुलिस मौके पर पहुंची लेकिन शिनाख्त नहीं हो सकी। मृतक के पास से भी ऐसी कोई वस्तु नहीं मिली, जिससे उसकी शिनाख्त हो सके।
शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फील्ड यूनिट ने भी मौके पर जांच पड़ताल की। थाना प्रभारी रघुराज सिंह ने बताया कि हत्या कहीं और करके शव बाग में फेंका गया है। जिले के साथ ही आसपास के जनपदों में भी फोटो भेजकर शिनाख्त का प्रयास किया जा रहा है।
सम्मेलन में व्यापारियों ने बताई समस्याएं
कैंट स्थित होटल डीरोज में गुरुवार को पश्चिमी उप्र संयुक्त व्यापार मंडल का जिला पदाधिकारी सम्मेलन व व्यापारी सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व कैबिनेट मंत्री शाहिद मंजूर व विशिष्ट अतिथि पूर्व विधायक राजेंद्र शर्मा रहे। अध्यक्षता करते हुए प्रदेशाध्यक्ष आशु शर्मा ने कहा कि पश्चिमी उप्र से लगभग 78 फीसद राजस्व दिया जाता है, लेकिन व्यापारियों को सुविधाओं के नाम पर सरकार कुछ नहीं देती। उन्होंने कहा कि नवंबर में जीमखाना मैदान में बड़े स्तर पर व्यापारिक सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। जिसमें व्यापारी को सुरक्षा व मजबूती देने की आवाज को बुलंद किया जाएगा। पूर्व मंत्री मंजूर ने कहा कि व्यापारियों की समस्याओं का सरकार को जल्द निस्तारण करना चाहिए। पूर्व विधायक राजेंद्र शर्मा ने भी व्यापारियों की मांग का समर्थन किया। सम्मेलन का संचालन महानगर अध्यक्ष नीरज कौशिक व शहर अध्यक्ष हाजी शारिक ने किया। संगठन ने ने दावा किया एक हजार से अधिक व्यापारी सम्मेलन में पहुंचे।