बुलंदशहर में सरेआम चलती कार की छत पर छोड़े पटाखे, वीडियो वायरल, केस दर्ज
बुलंदशहर में शरारती तत्वों को पुलिस का भी खौफ नहीं रहा। आम लोगों को परेशान करना इनका शगल बनता जा रहा है। ऐसे ही एक मामले में एक चलती कार में कुछ युवक कार की छत पर पटाखे और आतिशबाजी रखकर छोड़ रहे हैं। इससे नुकसान पहुंच सकता था।
बुलंदशहर, जेएनएन। बुलंदशहर में शरारती तत्व बेखौफ हो चुके हैं। इसका मुख्य कारण रात में सड़कों पर पुलिस का न होना है। यहीं कारण है कि दो दिन पहले शहर के बीचो-बीच दिल्ली रोड पर एक चलती कार में कुछ युवक कार की छत पर पटाखे और आतिशबाजी रखकर छोड़ रहे हैं। युवकों को यह भी डर नहीं है कि शहर के बीच में भीड-भाड़ में बड़ा हादसा भी हो सकता था। बावजूद इसके वह नहीं माने। इसी दौरान किसी ने युवकों की वीडियो बना ली। जो गुरुवार को सोशल मीडिया पर वायरल हो गई। इस मामले में एसएसपी ने अज्ञात कार सवारों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
वीडियो देखने से पता चल रहा है कि एक सफेद रंग की कार काला आम चौराहे से भूड़ चौराहे की तरफ जा रही है। कार में चार से पांच युवक है, जो बिना खिड़की खोले शीशों में से बाहर की तरफ निकले हुए है। यह युवक कार की छत पर पटाखे रखते हैं और आग लगा देते हैं। जिसके बाद छत पर पटाखे फूटते हैं और खूब प्रदूषण होता है। वीडियो बनाने वाले ने इन कार सवारों की करीब चार से पांच वीडियो बनाई है। सबसे बड़ी वीडियो 13 सैकेंड की है।
यह वीडियो सोशल मीडिया के जरिए एसएसपी संतोष कुमार सिंह तक भी पहुंची। उन्होंने शहर कोतवाली प्रभारी अखिलेश कुमार त्रिपाठी को मामले की जांच सौंपी। जांच में वीडियो दिल्ली रोड का निकला है। एसएसपी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि इस मामले में अज्ञात कार सवारों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। वहीं कार की भी पहचान कर ली गई है। हालांकि अभी यह पता नहीं चला है कि कार में कौन युवक थे। कार के मालिक का नाम अभी पुलिस ने सार्वजनिक नहीं किया है।