गाली देने से मना करने पर महिला पर उस्तरे से हमला, बचाव में आई बेटी को भी बुरी तरह पीटा
बागपत में गाली देने से मना करने पर किशोर ने मां व बेटी पर जानलेवा हमला किया। पुलिस ने आरोपित किशोर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
बागपत, जेएनएन। गाली देने से मना करने पर किशोर द्वारा महिला पर उस्तरे से हमला किया गया। बचाव में आई उनकी बेटी की भी बुरी तरह से पिटाई की। इस मामले में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने आरोपित किशोर की धरपकड़ शुरू कर दी है।
यह है मामला
काठा गांव निवासी युवक शिवम पुत्र ब्रजपाल ने पुलिस को बताया कि उसकी माता गीता देवी और बहन अनु गुरुवार को ईंट भट्टे पर काम करके वापस घर लौट रही थी। रास्ते में गांव का ही किशोर उसकी माता व बहन के साथ गाली-गलौज करने लगा था। माता ने आरोपित किशोर को गाली देने से मना किया, इसी को लेकर आरोपित किशोर ने उसकी माता के सिर पर उस्तरे से हमला कर दिया। बहन अनु ने बचाव किया तो उसकी डंडे से पिटाई की। उन दोनों की चीख सुनकर मोहल्ले के लोग एकत्र हो गए। जिनको देख आरोपित किशोर फरार गया। घायल माता व बहन का अस्पताल में उपचार कराया। वहीं इस मामले में पुलिस ने आरोपित किशोर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। उधर कोतवाली एसआइ भगवत स्वरूप का कहना है कि हमला करने का आरोपित 15 वर्षीय किशोर है। आरोपित किशोर की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे है।