मेरठ के निजी अस्पताल में महिला से छेड़छाड़, तीमारदारों में आक्रोश
मेरठ में मामला देर रात मेडिकल थाना क्षेत्र के शास्त्रीनगर एल ब्लॉक के सीमा गर्ग अस्पताल का है। इंचौली थाना क्षेत्र के गांव की महिला प्रसव पीड़ा के बाद अस्पताल में भर्ती कराई गई थी।
मेरठ (जेएनएन)। बागपत के जिला अस्पताल में नर्सिंग छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म के चंद रोज बाद ही मेरठ में महिला से छेड़छाड़ का मामला सामने आ गया। मेरठ के एक निजी अस्पताल में महिला मरीज से छेड़छाड़ की गई। यहां पर आरोपित कंपाउंडर की करतूत पर आक्रोशित तीमारदारों ने चिकित्सक समेत स्टाफ को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा।
मेरठ में यह मामला कल देर रात मेडिकल थाना क्षेत्र के शास्त्रीनगर एल ब्लॉक के सीमा गर्ग अस्पताल का है। कल इंचौली थाना क्षेत्र के गांव की महिला प्रसव पीड़ा के बाद अस्पताल में भर्ती कराई गई थी। हालत बिगडऩे पर महिला का आपरेशन किया गया। होश आने पर महिला ने सनसनीखेज राज खोला तो परिवार के लोग हैरान हो गए। आरोप लगाया कि आपरेशन के बाद अस्पताल का एक कंपाउंडर उसके पास पहुंचा। अकेली होने का फायदा उठाकर कंपाउंडर ने उसके साथ छेड़छाड़ की, लेकिन अर्धबेहोशी की हालत में वह शोर नहीं मचा पाई। जब उसे पूरी तरह होश आया तो उसने घटना की जानकारी परिवार के लोगों को को दी।
इसके बाद महिला के घरवालों का गुस्सा फूट गया। उन्होंने अस्पताल में जबरदस्त हंगामा किया। वहां मौजूद स्टाफ को जमकर पीटा। कंपाउंडर को भी पीटा गया, लेकिन वह चकमा देकर फरार हो गया। बीच में चिकित्सक विकास गर्ग व सीमा गर्ग भी आईं। हमलावरों ने उनके साथ भी मारपीट की। मौके पर पहुंची थाना पुलिस ने मामला शांत कराया। देर रात तक पीडि़तों ने तहरीर नहीं दी थी।
कपाउंडर ने की अभद्र हरकत
चिकित्सक डॉ. विकास गर्ग ने बताया कि कंपाउंडर ने महिला से अभद्रता की थी। जिसके बाद यह हंगामा हुआ। दोनों पक्षों में समझौता हो गया है।
तहरीर मिलने पर होगी कार्रवाई
एसओ थाना मेडिकल सतीश कुमार ने बताया कि तहरीर मिलते ही आरोपित के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस अपने स्तर पर जांच कर रही है।