विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मेरठ में डंपर से बाइक का हैंडल टकराते ही हुआ दर्दनाक हादसा: बेटे के सामने मां ने तड़पकर दम तोड़ा 

By Sanjeev Kumar Jain Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Thu, 22 Oct 2026 01:48 PM (IST)

Meerut News: लावड़ क्षेत्र में एक डंपर ने बाइक सवार महिला को कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद स्वजन ने हंगामा किया।

लावड़ कस्बे में हादसे के बाद लगी भीड़।

लावड़ कस्बे में हादसे के बाद लगी भीड़।

HighLights

  1. स्वजन ने बिना बताए शव ले जाने का आरोप लगाकर किया हंगामा।

  2. सीओ ने कई थानों की पुलिस फोर्स के साथ सामझाकर जाम खुलवाया।

संवाद सूत्र, लावड़ (मेरठ)। दौराला-मसूरी मार्ग स्थित लावड़ कस्बे के मेन बाजार में कंकरीट लेकर जा रहे एक डंपर ने महिला को कुचल दिया। महिला की मौके पर ही मौत हो गई।

सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जानकारी लेते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए मर्चरी भिजवाया। इसी बीच पहुंचे स्वजन ने शव को वापस मंगवाने की मांग को लेकर हंगामा कर दिया। जिसके बाद सीओ सदर देहात मयफोर्स मौके पर पहुंचे और भीड़ को समझाने का प्रयास शुरू  किया। 

इंचौली थाना क्षेत्र के लावड़ कस्बे में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के सामने बाइक पर अपने बेटे तरुण के साथ जा रही सुनीता पत्नी धीर सिंह निवासी गांव पनवाड़ी थाना दौराला की डंपर की चपेट में आने से मौत हो गई। बाइक का हैंडल डंपर के अगले हिस्से से लगने के बाद बाइक अनियंत्रित हुई और डंपर के टायर की तरफ गिर गई।

महिला के शरीर का ऊपर का हिस्सा डंपर के नीचे कुचला गया। जिससे महिला की तड़पकर मौके पर मौत हो गई, जबकि बेटा तरुण दूसरी साइड गिरा, जिससे उसको मामूली चोट आई। घटना के बाद ग्रामीणों की भीड़ एकत्र हो गई और मृतक के स्वजन को घटना की सूचना दी। वहीं सूचना पर पहुंची पुलिस ने जानकारी लेते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए मर्चरी भेज दिया।

जिसके बाद पहुंचे स्वजन हंगामा करने लगे और शव को वापस लाने की मांग पर अड़ गए। इसी बीच हंगामा बढ़ता गया और ग्रामीण डंफर के आगे बैठ गए। लगभग दो घंटे चले इस घटनाक्रम के बाद सीओ सदर देहात सुधीर सिंह कई थानों की फोर्स के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और स्वजन को समझाने का प्रयास किया। कुछ देर बाद स्वजन मान गए और पुलिस ने डंपर को थाने भिजवाया।