Bijnor Crime News: महिला का अर्धनग्न शव मिलने से सनसनी, दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका
Bijnor Crime News बिजनौर के गांव हादकपुर निवासी ग्रामीणों को खेत में महिला का शव पड़ा दिखा। सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस शव के नदी में बहकर आने का दावा कर रही है लेकिन ग्रामीणों का कहना है कि शव बहकर आया है तो पास में चप्पल कैसे मिली।
बिजनौर, जागरण संवाददाता। शेरकोट क्षेत्र के गांव हादकपुर में खो नदी के पास खेत में महिला का अर्धनग्न अवस्था में सड़ा-गला शव मिला। इससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। शव के पास ही चप्पल भी बरामद हुई है। आशंका जताई जा रही है कि महिला की दुष्कर्म के बाद हत्या की गई है।
महिला की उम्र 35 से 40 वर्ष के बीच
क्षेत्र के गांव हादकपुर निवासी कुछ ग्रामीण शनिवार की सुबह खेतों पर जा रहे थे। इस बीच उन्हें कुछ दुर्गंध महसूस हुई। उन्होंने पास जाकर देखा तो गांव निवासी हरिओम के खेत में एक महिला का शव पड़ा था। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने महिला की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन पहचान नहीं हो सकी। पुलिस के मुताबिक महिला की उम्र 35 से 40 वर्ष के बीच है। शव करीब सात-आठ दिन पुराना बताया गया है।
पुलिस के शव नदी में बहकर आने पर सवालिया निशान
ग्रामीणों के मुताबिक जहां महिला का शव मिला है, उसके आसपास काफी कीचड़ है। पास से ही खो नदी गुजर रही है। पिछले दिनों खो नदी का जलस्तर बढ़ने से खेतों में पानी आ गया था। जिससे किसान भी खेतों पर नहीं जा रहे थे। महिला अर्धनग्न अवस्था में मिली है, शव के पास ही एक चप्पल भी मिली है। जिसके चलते आशंका जताई जा रही है कि महिला की दुष्कर्म के बाद हत्या की गई है। हालांकि पुलिस शव को खो नदी में बहकर आने का दावा कर रही है। लेकिन सवाल उठता है कि यदि शव बहकर आया है तो शव के पास एक चप्पल कैसे मिली।
शव पोस्टमार्टम को भेजा
थानाध्यक्ष सत्येंद्र सिंह ने बताया कि पहचान नहीं हो पाई है। शव को पोस्टमार्टम को भेज दिया गया है, रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों का पता लग सकेगा। पहचान का प्रयास किया जा रहा है। थानाध्यक्ष का दावा है कि शव खो नदी में बहकर यहां आया है।