बच्चा चोर समझकर महिला को पीटा, घंटों हंगामा
एक माह की बच्ची को लेकर जा रही महिला की लोगों ने बच्चा चोर समझकर पिटाई कर दी।
मेरठ, जेएनएन। एक माह की बच्ची को लेकर जा रही महिला की लोगों ने बच्चा चोर समझकर पिटाई कर दी। घंटों तक हंगामा चलता रहा। पुलिस ने जांच की तो दोनों मां-बेटी निकलीं। स्वजन ने बताया कि महिला मानसिक रूप से बीमार है। उनका इलाज चल रहा है।
लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र निवासी महिला रविवार दोपहर बच्ची को लेकर ताज गार्डन कालोनी की ओर से जा रही थी। तभी स्थानीय महिलाओं ने उसे रोका और बच्ची के बारे में पूछताछ की। इस पर महिला डर गई और भागने लगी। लोगों ने शोर मचा दिया और उसे पकड़ कर पीटा। उससे बच्ची भी छीन ली। पुलिस ने महिला से पूछताछ की तो वह ठीक से जवाब नहीं दे पाई। काफी देर बाद उसके स्वजन आए और मामला साफ किया। पुलिस ने महिला और बच्ची को स्वजन के हवाले कर दिया।
मजदूरी को गया व्यक्ति लापता : घर से मजदूरी करने जाने की बात कहकर निकला व्यक्ति वापस नहीं लौटा। मजदूर की पत्नी ने रविवार को थाने पर गुमशुदगी दर्ज करायी है।
मोहल्ला मुन्नालाल निवासी नसरीन ने बताया कि उसका पति राशिद मजदूरी करता है। एक जनवरी को तीन बजे वह अटोरा रोड पर मजदूरी करने जाने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। सड़क हादसे में युवक घायल : मिल रोड पर रविवार शाम को मोहल्ला कल्याण सिंह निवासी वीरपाल थ्री व्हीलर की चपेट में आने घायल हो गया। दुर्घटना के बाद चालक थ्री व्हीलर समेत फरार हो गया। लोगों ने घायल को चिकित्सक के यहां भिजवा दिया। समाचार लिखे जाने तक तहरीर नहीं दी गई थी।