जींस पहनकर डांस करने की फरमाइश से तंग होकर पत्नी मांग रही तलाक
पति की अनगर्ल फरमाइश से परेशान होकर पत्नी ने तलाक मांग लिया। आरोप है कि ड्यूटी से अवकाश पर आने के बाद पत्नी से जींस पहनकर डांस करने की पति फरमाइश करता है।
मेरठ, जेएनएन। पति की अनगर्ल फरमाइश से परेशान होकर पत्नी ने तलाक मांग लिया। आरोप है कि ड्यूटी से अवकाश पर आने के बाद पत्नी से जींस पहनकर डांस करने की पति फरमाइश करता है। पत्नी के इन्कार करने पर उसकी पिटाई की जाती है, जिसके बाद पत्नी अपने मायके चली आई थी। इसके बाद पति भी ससुराल पहुंच गया और पेट्रोल डालकर आत्मदाह का प्रयास किया। पुलिस ने युवक को मौके से पकड़कर शांतिभंग में चालान कर दिया। मंगलवार को हापुड़ के पिलखुवा निवासी अनस ने लिसाड़ीगेट स्थित ससुराल में पहुंचकर पेट्रोल डालकर खुद को आग लगाने की कोशिश की। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर अनस को हिरासत में ले लिया। इसके बाद शांतिभंग में उसका चालान कर दिया। इंस्पेक्टर प्रशांत कपिल का कहना है कि अनस का निकाह आठ साल पहले लिसाड़ीगेट की रहने वाले महजबी से हुआ था। अनस दिल्ली में नौकरी करता है। ड्यूटी से अवकाश पर लौटने के बाद अनस पत्नी से उल्टी-सीधी फरमाइश करता था। महजबी ने पुलिस को बताया कि अनस उस पर जींस-टाप पहनने का दबाव बनाता है। साथ ही जींस पहनकर डांस करने को कहता है। पति के उत्पीड़न से तंग आकर महजबी ने अनस से तलाक मांग लिया। फिलहाल पुलिस ने अनस का शांतिभंग में चालान कर दिया।
बच्चा न होने पर महिला से मारपीट: शादी के 10 साल बाद भी बच्चा नहीं होने पर ससुरालियों ने विवाहिता को जान से मारने का प्रयास किया। सूचना पर पहुंचे स्वजन उसे मेरठ ले आए। दोनों पक्षों के लोगों की कई बार पंचायत हुई, जिसमें कोई समाधान नहीं हो सका। पीड़िता ने तहरीर दी है। नौचंदी थाना क्षेत्र निवासी रिटायर्ड इंस्पेक्टर ने बेटी की शादी 2009 में मैनपुरी निवासी युवक से की थी। शादी के बाद से ही दहेज उत्पीड़न किया जाने लगा। करीब 10 साल बाद भी बच्चा नहीं हुआ तो जुल्मोसितम और बढ़ गए। पति की दूसरी शादी की बात चलाने लगे। विरोध करने पर ससुराल वाले उसकी पिटाई करते थे। कई दिनों तक खाना आदि भी नहीं देते थे। मार्च 19 को ससुरालियों ने उसे जलाकर मारने का प्रयास किया। उसने किसी तरह ससुरालियों से छूटकर खुद को बाथरूम में बंद कर लिया। हाल ही में किसी तरह स्वजन को फोन किया तो वह शाम तक पहुंचे। बुधवार को पीड़िता ने तहरीर दी। थाना प्रभारी संजय वर्मा ने बताया कि नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।