Weather Update: धूलभरी आंधी व बारिश से छा गया अंधेरा, दो की हुई मौत, बागपत में महसूस हुए भूकंप के छटके Meerut News
मौसम का मिजाज बदलते ही जहां तेज आंधी और मुसलाधार बारिश के बीच दो की मौत हो गई। वहीं बागपत में भूकंप के झटके भी महसूस किए गए। साथ ही तार टुटने से कई जगहों पर बिजली भी बाधित रही।
जेएनएन, मेरठ। कोरोना के कहर के बीच मौसम की मार भी जारी है। रविवार दोपहर अचानक मौसम का मिजाज बदला और धूलभरी आंधी के साथ बारिश शुरू हो गई। अंधेरा इतना छा गया कि सड़क पर वाहनों की हेड लाइट जलानी पड़ीं। घर पर पेड़ गिरने व बिजली गिरने से दो की मौत हो गई। दो लोग घायल हो गए। बिजली तार व खंभे टूटने से घंटों आपूर्ति ठप रही। आम व गेहूं की फसल को भारी नुकसान हुआ है।
बागपत में भूकंप के छटके
बागपत में भूकंप के हल्के झटके महसूस हुए। बुलंदशहर में कई स्थानों पर पेड़ व बिजली के खंभे टूट गए। गांव भगवानपुर में खेतों पर काम कर रहे तीन किशोर बिजली गिरने से घायल हो गए। एक की मौत हो गई। बागपत में आंधी, बारिश के साथ ओले पड़े। पेड़ गिरने से बिजवाड़ा में 90 वर्षीय वृद्ध की दबकर मौत हो गई। बिजली के तार व खंभे टूट गए। आपूर्ति ठप रही। पौने दो बजे भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए।
फसलों को नुकसान
मुजफ्फरनगर में आंधी और झमाझम बारिश हुई। खेतों में कटी पड़ी गेहूं की फसल और भूसा भीगने से भारी नुकसान हुआ है। शहर व कई गांवों की बिजली आपूर्ति लडख़ड़ा गई। आम की फसल भी बर्बाद हो गई। सहारनपुर में आंधी बारिश से कई जगह पेड़ गिर गए और टिन शेड उड़ गई। दो स्थानों पर बिजली गिरी। गनीमत रही कि इससे जनहानि नहीं हुई।
शामली में भी बिजली के पोल, होर्डिंग उखड़ गए। मेरठ व बिजनौर में भी धूलभरी आंधी के साथ बारिश हुई। खंभे व तार टूटने से आपूर्ति ठप रही। होर्डिंग्स भी टूटे। फसलों को भारी नुकसान हुआ है।
बिजली जाने से लोग रहे परेशान
रविवार को तेज आंधी और मुसलाधार बारिश से कई जगहों पर पोल उखड़ गए। साथ ही कई अन्य जगहों पर तार भी टूट गए। जिससे बिजली आपूर्ति पूरी तरह से बाधित रही। छह घंटे से ज्यादा समय तक अभी बिजली नहीं आ सकी थी। इस बीच में लोगों के घरों में पीने के लिए पानी भी खत्म हो गए तो खाना पकाने और नहाने के लिए भी पानी की कमी नजर आई। इधर, बिजली की आपूर्ति जल्द से जल्द कराने के लिए व्यवस्थाएं सही कराई जा रही हैं।