Weather Update : धूप खिलने से लोगों को ठंड से मिली राहत, दिन का तापमान बढ़ा Meerut News
मेरठ और आसपास के क्षेत्रों में बीते तीन दिनों से खिल रही धूप के चलते लोगों को ठंड से राहत मिली है। वहीं मौसम विभाग के अनुसार आठ को बूंदाबांदी के आसार हैं।
मेरठ, जेएनएन। Weather Update कई दिन से कड़कड़ाती ठंड और गलन से परेशान लोगों को गुरुवार को काफी राहत मिली। दिन में धूप खिलने की वजह से शहर का अधिकतम तापमान अचानक बढ़ गया। हालांकि शाम की ठंड में लोगों को बहुत अधिक राहत नहीं मिली है। शुक्रवार की सुबह भी धूप के निकलने से लोगों को राहत मिली। पहले मौसम विज्ञानियों ने तीन जनवरी को बूंदाबांदी की संभावना जताई थी, लेकिन अब तीन जनवरी को बारिश के आसार नहीं है। आठ जनवरी को बूंदाबांदी के आसार है। इसके बाद एक बार फिर ठंड बढ़ सकती है।
कई दिनों से थी गलन
इस बार की कड़कड़ाती ठंड से लोगों को बुरा हाल रहा है। कई दिन धूप नहीं निकलने से मौसम में गलन रहा। गुरुवार को अच्छी धूप निकली। हवा नहीं होने की वजह से दिन में लोगों ने गर्मी महसूस की। गुरुवार को दिन का तापमान 21 डिग्री सेल्यिस तक पहुंच गया। न्यूनतम तापमान सात डिग्री सेल्यिस रहा।
बादल छाए रहेंगे
तीन, चार और पांच जनवरी में दिन के तापमान में बढ़ोतरी होगी। हालांकि रात के तापमान छह से सात डिग्री सेल्यिस तक रहने की उम्मीद है। अगले दो तीन दिन आसमान में बादल छाए रहेंगे। छह जनवरी को एक बार फिर कोहरा लौटेगा। अगले एक सप्ताह में रात में दिन के मुकाबले अधिक ठंड रहने की संभावना है।